सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब भारत को कितना टैरिफ देना होगा? ट्रंप ने निकाला तोड़
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के झटके के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने भारत समेत सभी देशों के आयात पर 10% का ग्लोबल टैरिफ लगा दिया है। जानें इस फैसले का भारत-अमेरिका व्यापार पर क्या असर होगा।

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वैश्विक टैरिफ को अवैध ठहराए जाने के बाद, ट्रंप प्रशासन ने एक नया कदम उठाया है। ट्रंप ने एक नए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत भारत सहित सभी देशों से होने वाले आयात पर 10 प्रतिशत का टैरिफ लगाया गया है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 6-3 के बहुमत से फैसला सुनाते हुए राष्ट्रपति ट्रंप के वैश्विक टैरिफ को अवैध करार दिया था। इसे ट्रंप के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा गया।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को भयानक फैसला बताते हुए ट्रंप ने तुरंत एक नए आदेश की घोषणा कर दी। उन्होंने ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 122 के तहत 10 प्रतिशत का वैश्विक टैरिफ लगाने वाले आदेश पर हस्ताक्षर किए। यह कानून भुगतान संतुलन के घाटे को दूर करने के लिए 150 दिनों तक 15% तक के अस्थायी आयात सरचार्ज की अनुमति देता है।
भारत पर प्रभाव और वाइट हाउस का बयान
वाइट हाउस ने शुक्रवार को पुष्टि की है कि भारत को भी यह 10 प्रतिशत टैरिफ चुकाना होगा। जब वाइट हाउस के एक अधिकारी से पूछा गया कि क्या भारत को यह टैरिफ देना होगा और क्या यह पहले के कानूनों (IEEPA) की जगह लेगा, तो अधिकारी ने स्पष्ट किया- हां, 10% तब तक लागू रहेगा जब तक कि कोई अन्य अधिकार लागू नहीं किया जाता। वाइट हाउस ने एक फैक्ट शीट जारी करते हुए कहा है कि भारत समेत US के जिन ट्रेडिंग पार्टनर्स ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले डोनाल्ड ट्रंप के एडमिनिस्ट्रेशन के साथ टैरिफ डील की थी, उन्हें अब केवल 10 परसेंट ड्यूटी का सामना करना पड़ेगा, भले ही वे पहले ज्यादा टैरिफ चुकाने पर सहमत हुए हों। यानी भारत,जो पहले 18 फीसदी टैरिफ चुका रहा था अब उसे 10 फीसदी टैरिफ देना होगा।
हालांकि वाइट हाउस के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया कि ट्रंप एडमिनिस्ट्रेशन आगे चलकर 'ज्यादा सही या पहले से तय टैरिफ रेट लागू करने' के तरीके ढूंढेगा। अधिकारी ने सभी व्यापारिक साझेदारों को सलाह दी कि वे अपने व्यापार समझौतों का पालन करें। यह नया टैरिफ ट्रंप के संरक्षणवादी व्यापार एजेंडे का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य अनुचित व्यापार प्रथाओं से निपटना है।
इस महीने की शुरुआत में अमेरिका और भारत ने घोषणा की थी कि वे ट्रेड पर एक अंतरिम समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क पर पहुंच गए हैं। इसके बाद ट्रंप ने एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर जारी किया जिसमें भारत पर रूसी तेल खरीदने पर लगाए गए 25 परसेंट के दंडात्मक टैरिफ हटा दिए गए और नई दिल्ली पर लगने वाली ड्यूटी को 25 परसेंट से घटाकर 18 परसेंट कर दिया गया। अब इस अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए भारत का एक प्रतिनिधिमंडल अगले कुछ दिनों में अमेरिका की यात्रा करने वाला है।
लेखक के बारे में
Amit Kumarडिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।
अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।
और पढ़ें

