मिड टर्म चुनावों में ट्रंप की हार, भारत को मिलेगी ट्रेड डील में सौदेबाजी की ताकत?
अमेरिकी उपभोक्ताओं पर बढ़ती कीमतों और टैरिफ यानी इंपोर्ट ड्यूटी के बढ़ते बोझ के विरोध में मतदाताओं ने डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में मतदान किया।

अमेरिका में हाल ही में संपन्न हुए मध्यावधि चुनावों के नतीजों ने वाशिंगटन में राजनीतिक शक्ति संतुलन बदल दिया है। महंगाई और बढ़ती जीवन लागत के खिलाफ अमेरिकी मतदाताओं के जनादेश के कारण राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में हार का सामना करना पड़ा है। इस राजनीतिक उलटफेर के बाद वैश्विक व्यापार, खासकर भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
अमेरिकी उपभोक्ताओं पर बढ़ती कीमतों और टैरिफ यानी इंपोर्ट ड्यूटी के बढ़ते बोझ के विरोध में मतदाताओं ने डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में मतदान किया। प्रतिनिधि सभा और सीनेट में डेमोक्रेट्स का बहुमत होने से ट्रंप की एकतरफा व्यापार और टैरिफ नीतियों पर अमेरिकी कांग्रेस की कड़ी निगरानी रहेगी।
ट्रंप की टैरिफ धमकियों के बाद दबाव में आकर जापान ने 550 अरब डॉलर और साउथ कोरिया ने 350 अरब डॉलर अमेरिका में निवेश करने का जो वादा किया था, अब उस पर फिर से विचार करने का समय मिल सकता है।
भारत के लिए अवसर और चुनौतियां?
विश्लेषकों की मानें, तो अमेरिकी मिड टर्म चुनाव के नतीजों के भारत पर मिले जुले असर पड़ सकते हैं।
2025 में भारतीय सामान पर दंड के रूप में लगाया गया टैरिफ 50% से घटाकर 18% कर दिया गया था। डेमोक्रेट्स के नियंत्रण वाले कांग्रेस के कारण अब ट्रंप प्रशासन के लिए फिर से एकतरफा ट्रेड वॉर छेड़ना मुश्किल होगा।
H-1B वीजा शुल्क पर लगाए गए कड़े प्रतिबंधों और 1,00,000 डॉलर की प्रस्तावित फीस पर अमेरिकी संसद की सख्त निगरानी रहेगी, जिससे भारतीय आईटी पेशेवरों और टेक कंपनियों को राहत मिल सकती है।
भारत की ओर से रूसी क्रूड ऑयल की खरीद पर ट्रंप प्रशासन की ओर से मिलने वाली कड़ी प्रतिबंधों की धमकियों में अस्थायी नरमी आ सकती है।
हालांकि, थिंक टैंक (GTRI) और आर्थिक विश्लेषकों ने चेतावनी दी है कि ट्रंप अपनी घटती राजनीतिक साख को बचाने के लिए भारत पर एकतरफा या त्वरित ट्रेड डील का दबाव बना सकते हैं।
पूर्व राजनयिक राजीव भाटिया के अनुसार, डेमोक्रेट्स की जीत का मतलब यह नहीं है कि ट्रंप प्रशासन भारत के प्रति नरम हो जाएगा। डेमोक्रेटिक पार्टी भी अमेरिकी बाजार पहुंच और बौद्धिक संपदा को लेकर सख्त रुख रखती है।
चीन और बाकी एशियाई देशों पर क्या होगा असर
बीजिंग जनवरी में खत्म होने वाले व्यापार युद्ध विराम के दौरान ट्रंप की कमजोरी का फायदा उठाने की कोशिश कर सकता है। हालांकि, डेमोक्रेट्स AI और सेमीकंडक्टर तकनीक के निर्यात पर कड़े नियंत्रण का समर्थन करते हैं, जिससे चीन को भी ज्यादा छूट नहीं मिलेगी।
साउथ कोरिया को अलास्का एलएनजी पाइपलाइन परियोजना और भारी निवेश प्रतिबद्धताओं पर फिर से समीक्षा करने और समय हासिल करने का मौका मिलेगा।
अगर जापान ने निवेश की रफ्तार धीमी की, तो ट्रंप की ओर से फिर से अतिरिक्त टैरिफ फिर से लगाए जाने संभावना भी बनी रहेगी।
अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स की जीत से भारत के पास व्यापार वार्ता में अपने दीर्घकालिक हितों- कृषि, ऊर्जा सुरक्षा और टैरिफ की रक्षा करने और अमेरिका के साथ बातचीत में ठोस और पारस्परिक छूट मांगने का बेहतर अवसर है। हालांकि, भारत को वाशिंगटन में कार्यकारी शक्तियों के इस्तेमाल और बदलती नीतियों को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।


