चुनाव हारने के बाद TMC को एक और झटका, पार्टी मुख्यालय खाली करने का नोटिस
कोलकाता के एपी कैनाल साउथ रोड स्थित उक्त इमारत के मालिक मनोतोस साहा उर्फ मोंटू ने पार्टी नेतृत्व को नोटिस भेजकर तृणमूल भवन खाली करने को कहा है। उन्होंने कहा कि दो महीने के भीतर तृणमूल कार्यालय खाली करना होगा।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार और सत्ता से बाहर होने के बाद तृणमूल कांग्रेस की परेशानियां लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। अब पार्टी के अस्थायी मुख्यालय तृणमूल भवन को लेकर भी नई मुश्किल खड़ी हो गई है। कोलकाता के ईएम बाइपास के पास स्थित बहुमंजिला इमारत के मालिक ने पार्टी को 2 महीने के भीतर कार्यालय खाली करने का नोटिस भेज दिया है।
एपी कैनाल साउथ रोड स्थित इस मकान के मालिक मनोतोस साहा उर्फ मोंटू साहा ने तृणमूल नेतृत्व को कहा है कि तय समय सीमा के अंदर कार्यालय खाली कर दिया जाए। दरअसल, वर्ष 2022 में पार्टी ने तपसिया स्थित अपने पुराने और स्थायी मुख्यालय के पुनर्निर्माण के कारण अस्थायी रूप से इस इमारत को किराये पर लिया था। शुरुआत में दो साल का समझौता हुआ था, जिसे बाद में आगे बढ़ाया गया।
मकान पर हमले की आशंका
अब किराये की अवधि समाप्त होने के बाद भवन मालिक ने अपनी संपत्ति वापस लेने का फैसला किया है। मोंटू साहा का कहना है कि 4 मई को चुनाव नतीजे आने के बाद से उनके भवन पर हमले की आशंका बनी हुई थी। उनका दावा है कि वह अपनी संपत्ति को किसी भी तरह के नुकसान से बचाना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने पार्टी से कार्यालय खाली करने को कहा है। उन्होंने यह भी बताया कि तृणमूल नेतृत्व ने मौखिक रूप से दो महीने के भीतर भवन खाली करने का भरोसा दिया है और सभी बकाया किराया चुका दिया गया है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता और विधायक कुणाल घोष ने कहा कि पार्टी ने भवन किराये पर लिया था। अगर मालिक अब उसे वापस चाहते हैं तो यह उनका अधिकार है। सूत्रों के मुताबिक, तपसिया रोड स्थित तृणमूल कांग्रेस के पुराने मुख्यालय का मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि पार्टी जल्द ही अपने पुराने कार्यालय में लौट सकती है।
दूसरी ओर, कोलकाता नगर निगम ने रविवार को तिलजाला, कस्बा और बेलेघाटा सहित शहर के कई हिस्सों में अवैध ढांचों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अतिक्रमण रोधी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि केएमसी ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उन ढांचों को ध्वस्त किया, जो नगर नगम के नियमों का उल्लंघन कर बनाए गए थे। नगर निगम के अधिकारी तिलजाला के वार्ड-66 में पहुंचे और कड़ी सुरक्षा के बीच इमारतों के अनाधिकृत हिस्सों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। इस वार्ड का प्रतिनिधित्व तृणमूल कांग्रेस के विधायक जावेद खान के बेटे फैयाज अहमद खान करते हैं।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

