बारामती एयरपोर्ट पर प्लेन दुर्घटनाग्रस्त, अजित पवार यहीं हुए थे हादसे का शिकार
महाराष्ट्र के बारामती एयरपोर्ट पर एक ट्रेनी प्लेन हादसे का शिकार हुआ है। 28 जनवरी को यहीं पर महाराष्ट्र के दिवंगत डिप्टी सीएम अजित पवार का प्लेन भी क्रैश हुआ था, जिसमें उनका और उनके अन्य साथियों का दुखद निधन हो गया था।

पुणे के बारामती एयरपोर्ट पर एक प्राइवेट कंपनी का ट्रैनी विमान क्रैश लैंडिंग का शिकार हुआ है। करीब सात महीने पहले महाराष्ट्र के पूर्व उप मुख्यमंत्री अजित पवार भी यहीं पर एक विमान हादसे का शिकार हो गए थे। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार को दोपहर करीब 12.35 पर यह विमान रनवे से थोड़ी दूरी पर क्रैश हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, जबकि एयरक्राफ्ट को भी मामूली नुकसान पहुंचा है।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी इस घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, "हम जांच कर रहे हैं कि क्या विमान में कोई तकनीकी खराबी आई थी या कोई और समस्या थी। अभी किसी भी चीज पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी।"
पुणे के SP संदीप सिंह गिल ने कुछ और जानकारी देते हुए बताया कि लैंडिंग के दौरान विमान फिसल गया। HT को मिली जानकारी के मुताबिक, कार्वर एविएशन कंपनी के सेसना 172 विमान (VT SEX) में सवार दोनों लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
इसी एयर स्ट्रिप पर अजित पवार की हुई थी मौत
गौरतलब है कि इसी एयर स्ट्रिप पर सात महीने पहले 28 जनवरी को महाराष्ट्र के दिवंगत डिप्टी सीएम अजित पवार और चार अन्य साथियों की एयरप्लेन क्रैश में मौत हो गई थी। उनका लियरजेट 45 विमान लैंडिंग की दूसरी कोशिश के दौरान क्रैश हो गया था। मरने वालों में NCP नेता के अलावा उनके सुरक्षा अधिकारी, एक अटेंडेंट और दो क्रू मेंबर (पायलट-इन-कमांड सुमित कपूर और फर्स्ट ऑफिसर शाम्भवी पाठक) शामिल थे।
अभी तक इस मामले में एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की रिपोर्ट सामने नहीं आई है। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि अगले साल जनवरी तक इसकी रिपोर्ट आ जाएगी।
हालांकि, अभी जो क्रैश हुआ है। वह दूसरी कंपनी का विमान था। अधिकारियों ने बताया कि सुबह 8:50 बजे बारामती एयरस्ट्रिप इलाके से सटे गोजुबावी गांव के पास हुई इस घटना के बाद, एयरक्राफ्ट में अकेले सवार ट्रेनी पायलट सुरक्षित बच निकला। वह एयरक्राफ्ट रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग एकेडमी का था, जो बारामती एयरस्ट्रिप के पास काम करती है। कंपनी ने कहा कि उसने घटना की जांच शुरू कर दी है।


