अमेरिका ने हॉर्मुज स्ट्रेट पर गिराए ईरान के 2 ड्रोन, अब अखबार में नहीं चलेगा समोसा-कचौड़ी; पढ़ें आज की बड़ी खबरें
Top News Today: अमेरिकी सेना ने हॉर्मुज स्ट्रेट के ऊपर उड़ रहे ईरान के दो ड्रोन को मार गिराया, जिससे क्षेत्रीय तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। दूसरी ओर, FSSAI ने समोसे-कचौड़ी समेत स्ट्रीट फूड बेचने वाले दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है। अब अखबार में खाना लपेटकर बेचना बंद करो, वरना होगी कानूनी कार्रवाई।

Top News Today: अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम के बावजूद मध्य पूर्व में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिकी सेना ने हॉर्मुज स्ट्रेट के ऊपर उड़ रहे ईरान के दो ड्रोन को मार गिराया है। अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने बताया कि ये ड्रोन अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात के लिए खतरा बन रहे थे। इधर, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने समोसे, कचौड़ी, चाट और अन्य स्ट्रीट फूड बेचने वाले दुकानदारों के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है। FSSAI ने साफ कहा है कि खाद्य पदार्थों को अखबार में लपेटकर बेचने की प्रथा तुरंत बंद की जाए। अगर कोई दुकानदार इस नियम का उल्लंघन करते पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें आज की बड़ी खबरें...
अमेरिका ने हॉर्मुज स्ट्रेट पर उड़ रहे ईरानी ड्रोन गिराए
अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम लागू होने के बावजूद बीच-बीच में हमले जारी हैं। अमेरिकी सेना ने हॉर्मुज स्ट्रेट के ऊपर उड़ रहे ईरान के दो ड्रोन को मार गिराया है। अमेरिकी मिलिट्री के मुताबिक, ये ड्रोन अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात के लिए खतरा बन रहे थे। इस घटना से मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। दूसरी ओर, युद्धविराम को मजबूत बनाने के लिए पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी तेहरान पहुंच गए हैं। वे ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत फिर से शुरू कराने की कोशिश कर रहे हैं और अपने साथ आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर का ईरानी सुप्रीम लीडर के लिए संदेश भी ले गए हैं। पढ़ें पूरी खबर...
ममता बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी के अधिकारों में की कटौती
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अंदर बगावत और चुनौतियों के बीच पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बड़े संगठनिक बदलाव का ऐलान किया है। सबसे अहम फैसला उनके भतीजे और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के अधिकार क्षेत्र में कटौती का है। अब तक पार्टी में नंबर-2 माने जाने वाले अभिषेक बनर्जी के साथ दो अन्य राष्ट्रीय महासचिवों की नियुक्ति कर दी गई है। ममता ने पार्टी में मनमानी और असंतोष को देखते हुए यह कदम उठाया है। पढ़ें पूरी खबर...
मोदी कैबिनेट विस्तार में पंजाब से दो बड़े चेहरे मंत्री बन सकते हैं
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला कैबिनेट विस्तार इस महीने के अंत या अगले महीने संभव है। सूत्रों के अनुसार, पंजाब से दो प्रमुख नेताओं को मंत्री बनाया जा सकता है। इनमें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल लोकप्रिय राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम प्रमुख है। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को राज्यसभा टिकट नहीं दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
ईरान मुद्दे पर इजरायल अमेरिकी अधिकारियों की जासूसी कर रहा
ईरान पर संयुक्त हमलों के बावजूद अमेरिका और इजरायल के बीच अब दरारें दिखने लगी हैं। अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इजरायल ईरान से संबंधित बातचीत में शामिल अमेरिकी अधिकारियों की जासूसी कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली खुफिया एजेंसी ने ट्रंप के प्रमुख वार्ताकार स्टीव विटकॉफ, पेंटागन अधिकारी एल्ब्रिज ए कोल्बी और माइकल पी. डिमिनो समेत अन्य अधिकारियों पर नजर रखने की कोशिश की है। दोनों देशों की खुफिया एजेंसियां हालांकि लंबे समय से करीबी सहयोगी रही हैं। पढ़ें पूरी खबर...
अखबार में समोसे-कचौड़ी लपेटना अब महंगा पड़ेगा
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाने-पीने की चीजों को अखबार में लपेटकर बेचने वाले दुकानदारों के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है। FSSAI ने साफ कहा है कि अब ऐसा पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एजेंसी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि अखबारों की छपाई में इस्तेमाल होने वाली स्याही में सीसा और अन्य भारी धातुएं तथा हानिकारक रसायन होते हैं, जो खाद्य पदार्थों में मिलकर स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। FSSAI ने तुरंत अखबार का इस्तेमाल बंद करने का निर्देश दिया है। पढ़ें पूरी खबर...
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें


