राज्यसभा में रिजिजू पर भड़के खरगे, 'कॉकरोच' के दीपके ला रहे 'क्या बोलती पब्लिक'; पढ़ें शाम की 5 बड़ी खबरें
राज्यसभा में गुरुवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोक-झोंक के बीच जमकर हंगामा हुआ। दूसरी ओर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने नए अभियान 'क्या बोलती पब्लिक' का ऐलान किया है...

Top News Today: गुरुवार को भारतीय राजनीति के दो अलग-अलग मोर्चों पर गर्मागर्मी देखने को मिली। एक तरफ राज्यसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जमकर हंगामा हुआ, जहां मल्लिकार्जुन खरगे संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पर भड़क गए। 84 वर्षीय खरगे ने साफ कहा कि उन्हें रिजिजू संसदीय नियम न सिखाएं और सदन में क्या बोलना है, यह उनका अधिकार है। दूसरी तरफ शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने महाराष्ट्र में अपने नए अभियान ‘क्या बोलती पब्लिक’ की घोषणा कर दी। दीपके ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार को अपना पहला मुद्दा बनाते हुए कहा कि बढ़ती फीस के कारण आम परिवारों के बच्चे बेहतर शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। पढ़ें शाम की बड़ी खबरें...
किरेन रिजिजू पर भड़के मल्लिकार्जुन खरगे
राज्यसभा में गुरुवार को भी जमकर हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पर भड़क गए। 84 वर्षीय खरगे ने कहा कि उन्हें रिजिजू संसदीय नियम न सिखाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सदन में क्या बोलना है और क्या नहीं, यह उनका अधिकार है। रिजिजू के टोकने पर खरगे ने आसन की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि सर, क्या अब रिजिजू से मुझे सीखना पड़ रहा है? नियम मैं भी जानता हूं। आपके चैंबर में आकर बोलते हैं कि रोज वही लिखकर आकर पढ़कर बोलते हैं। अगर मैं यहां रूल्स नहीं पढ़ूंगा, अगर अपना विषय पढ़कर नहीं बोलूंगा, तो क्या तुमने जो दिए, उसे मैं पढ़ूं? अरे! यह मेरा अधिकार है कि मैं क्या बोलूं, कब बोलूं और कैसे बोलूं। पढ़ें पूरी खबर...
कॉकरोच पार्टी के अभिजीत दीपके का नया अभियान
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अपने नए अभियान का ऐलान कर दिया है। गुरुवार को पार्टी के नए कैंपेन ‘क्या बोलती पब्लिक’ की घोषणा करते हुए दीपके ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को समझना और उनके लिए काम करना होगा। उन्होंने बताया कि अभियान का सबसे पहला फोकस शिक्षा क्षेत्र पर होगा, जिसे धीरे-धीरे अन्य मुद्दों पर भी केंद्रित किया जाएगा। महाराष्ट्र में इस अभियान का ऐलान करते हुए दीपके ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी की पूरी टीम इस पर काम करेगी। उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार हमारा पहला मुद्दा होगा। पढ़ें पूरी खबर...
बंगाल का कायापलट करने की तैयारी में शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली नई सरकार आर्थिक हितों को ध्यान में रखकर फैसले ले रही है। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले एक-दो सालों में बंगाल आर्थिक रूप से बेहद मजबूत हो जाएगा और हर क्षेत्र में तरक्की करेगा। उन्होंने ऐलान किया कि अगले एक महीने के भीतर लगभग 25 उद्योगों को जमीन सौंप दी जाएगी। कोलकाता के मिलन मेला मैदान में 'टेक्सटाइल एक्सपो' का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 17 अगस्त को पुरुलिया में 4000 करोड़ रुपये के इस्पात संयंत्र की आधारशिला रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि आज बंगाल में भाजपा सरकार आने के बाद हर महीने नई फैक्टरियां लगाने के लिए शिलान्यास समारोह आयोजित हो रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर...
श्रीलंका में शुभमन गिल के अंगूठे में चोट
भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी कर रही है। करीब नौ साल बाद भारत श्रीलंका की धरती पर उतरेगा। सीरीज शुरू होने से पहले जसप्रीत बुमराह के रूप में बड़ा झटका लग चुका है। गुरुवार को कप्तान शुभमन गिल को बल्लेबाजी प्रैक्टिस के दौरान अंगूठे में चोट लगी, जिसके बाद वे दर्द में दिखे। इलाज के बाद वे फिर मैदान पर उतरे। भारत और श्रीलंका के बीच एकमात्र वार्म-अप मैच शुक्रवार से खेला जाएगा। भारतीय टीम मंगलवार को श्रीलंका पहुंची और अगले दिन से अभ्यास सत्र में शामिल हुई। गुरुवार को भी खिलाड़ियों ने प्रैक्टिस की, लेकिन गिल को एक गेंद अंगूठे में लगी, जिसके बाद मेडिकल टीम की मदद ली गई। पढ़ें पूरी खबर...
कांवड़ियों के ‘हुड़दंग’ पर भड़कीं कुनिका सदानंद
सावन के पावन महीने में शिव भक्त गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं। बिग बॉस 19 फेम कुनिका सदानंद इन कांवड़ियों पर बुरी तरह भड़क गई हैं। उन्होंने गंगाजल ले जा रहे कांवड़ियों पर गुस्सा जताया और पुलिस पर सवाल उठाया कि आखिर क्यों उन पर शिकंजा नहीं कसती। कुनिका ने सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि इन्हीं कांवड़ियों के कारण 10 दिनों तक बच्चों के स्कूल बंद किए गए। दरअसल, उन्होंने पत्रकार विजेता सिंह द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो को अपने एक्स अकाउंट पर री-शेयर किया। वीडियो में कुछ कांवड़िए पुलिस की जीप से दो लोगों को उतारकर बुरी तरह पीटते और कपड़े फाड़ते नजर आए। वे दोनों को जंगल में दौड़ाते भी दिखे। पढ़ें पूरी खबर...


