सालाना इनकम में इजाफा, स्वास्थ्य बीमा भी डबल; तमिलनाडु के CM स्टालिन का चुनावी घोषणापत्र

Deepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, चेन्नई
share

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने डीएमके का चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। इसके मुताबिक सालाना आय में इजाफा किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा की रकम को भी दोगुना कर दिया गया है। पहले यह रकम 5 लाख सालाना थी, अब यह बढ़कर 10 लाख होगी।

सालाना इनकम में इजाफा, स्वास्थ्य बीमा भी डबल; तमिलनाडु के CM स्टालिन का चुनावी घोषणापत्र

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने डीएमके का चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। इसके मुताबिक सालाना आय में इजाफा किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा की रकम को भी दोगुना कर दिया गया है। पहले यह रकम 5 लाख सालाना थी, अब यह बढ़कर 10 लाख होगी। द्रमुक प्रमुख स्टालिन ने चेन्नई में कहा कि महिलाओं को मिलने वाला मासिक अनुदान बढ़ाकर 2,000 रुपए किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री की नाश्ता योजना को कक्षा 8वीं तक विस्तारित करने का वादा किया गया है।

छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा अनुदान भी बढ़ाया
द्रमुक प्रमुख स्टालिन ने चुनावी घोषणापत्र जारी करते हुए कहाकि सरकार ने तमिलनाडु को विकास के मामले में शीर्ष स्थान पर पहुंचाया। इसके अलावा द्रमुक प्रमुख स्टालिन ने कहा, मुफ्त बिजली योजना के तहत किसानों को बिना मीटर वाले आधुनिक पंपसेट दिए जाएंगे, 5 साल में 10 लाख नए घर बनाए जाएंगे। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहाकि छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा अनुदान की मासिक राशि 1,000 रुपए से बढ़ाकर 1,500 रुपए की जाएगी।

द्रमुक ने ‘इल्लाथारसी’ नाम के एक कूपन की घोषणा की है। इसके तहत महिलाओं को टीवी जैसे घरेलू सामान चुनने, नया खरीदने या बदलने के लिए 8000 रुपए का कूपन दिया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्टालिन ने धान की खरीद दर बढ़ाकर 3500 रुपए प्रति क्विंटल और गन्ने की खरीद दर बढ़ाकर 4500 रुपए प्रति टन करने का वादा किया।

शासन मॉडल की तारीफ
चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, स्टालिन ने कहाकि तमिलनाडु द्रविड़ीय शासन मॉडल के तहत एक प्रमुख राज्य के रूप में उभरा है। उन्होंने आगे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की सफलता के बारे में बताते हुए कहाकि डीएमके लगातार जनता के समर्थन के साथ सातवीं बार सत्ता में लौटेगा। स्टालिन ने दावा किया कि भारत के किसी अन्य राज्य ने तमिलनाडु की तरह कल्याणकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू नहीं किया है। उन्होंने इसे दूसरों के लिए एक मॉडल के रूप में पेश किया। साथ ही लोगों के कल्याण और विकास पर केंद्रित दीर्घकालिक 10 वर्षीय दृष्टिकोण को भी रेखांकित किया।

भाजपा पर आरोप
कलाईनागर महिलार अधिकार सूची योजना का जिक्र करते हुए, स्टालिन ने आरोप लगाया कि चुनावी अवधि के दौरान भाजपा ने इसकी क्रियान्वयन में बाधा डालने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी कहाकि चुनौतियों के बावजूद, योजना ने लगभग 1.3 करोड़ परिवारों को लाभ पहुंचाया है। अब तक लाभार्थियों को 5,000 रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने दोहराया कि डीएमके सरकार लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कल्याण पहलों को जारी रखने और विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें