TMC के बागी खेमे में अब लोकसभा के 22 सांसद, अध्यक्ष से मुलाकात तय; काकोली घोष ने क्या बताया
बागी टीएमसी सांसद काकोली घोष ने दावा किया कि उनके समर्थन में 22 सांसद हैं। पहले यह संख्या 19 या 20 बताई जा रही थी। उन्होंने कहा कि हम मुलाकात के लिए दिल्ली जा रहे हैं। अध्यक्ष ने हमें समय दिया है।

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बागी खेमे की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने रविवार को दावा किया कि दो और सांसद बागी खेमे में शामिल होने वाले हैं, जिससे लोकसभा में इस गुट में सदस्यों की संख्या बढ़कर 22 हो जाएगी। दस्तीदार ने नई दिल्ली रवाना होने से पहले कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा कि बागी सांसद सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात करेंगे और उनसे अलग गुट के रूप में मान्यता देने की गुजारिश करेंगे। उन्होंने कहा, '' हम मुलाकात के लिए दिल्ली जा रहे हैं। हमारे साथ 22 सांसद हैं। अध्यक्ष ने हमें समय दिया है। हम सोमवार को उनसे मिलेंगे और अलग गुट के रूप में मान्यता देने की गुजारिश करेंगे।''
हालांकि दस्तीदार ने उन दो अतिरिक्त सांसदों की पहचान उजागर नहीं की और कहा कि उनके नाम औपचारिक रूप से गुट में शामिल होने के बाद सामने लाए जाएंगे। उन्होंने कहा, '' जो लोग पिछले चार-पांच वर्षों में पश्चिम बंगाल में मौजूदा स्थिति के खिलाफ ईमानदारी से अपनी राय व्यक्त कर रहे थे, वे हमारे संपर्क में हैं। अब हमारी संख्या 22 हो गई है।'' बागी खेमे के सूत्रों के अनुसार, इस गुट की बैठक पहले कोलकाता में होने वाली थी, लेकिन वह अब दिल्ली में होगी।
एक उच्च पदस्थ सूत्र ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस बैठक में शामिल होने की संभावना थी, लेकिन दीघा-शंकरपुर विकास प्राधिकरण से जुड़े एक सरकारी कार्यक्रम के कारण उनके राष्ट्रीय राजधानी जाने की संभावना कम है। ये दावा पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल के अंदर लगातार जारी उथल-पुथल के बीच सामने आये हैं। लोकसभा में पार्टी के संसदीय दल में विभाजन इसी सप्ताह के आरंभ में स्पष्ट हो गया था, जब असंतुष्ट सांसदों ने सार्वजनिक रूप से ममता बनर्जी के नेतृत्व से अलग रुख अपनाया।
साइन करने वाली लिस्ट में कौन-कौन नाम?
सोमवार को दस्तीदार ने तृणमूल के लगभग 20 सांसदों के समर्थन का दावा किया था और कहा था कि यह समूह केंद्र में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को समर्थन देगा। संयोग से शुक्रवार को तृणमूल के 19 सांसदों के हस्ताक्षर वाला एक दस्तावेज भी सामने आया था। हस्ताक्षरकर्ताओं में काकोली घोष दस्तीदार, शताब्दी रॉय, बापी हलदर, शर्मिला सरकार, प्रसून बनर्जी, जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया, असित माल, अरूप चक्रवर्ती, कालीपद सोरेन, दीपक अधिकारी (देव), जून मालिया, पार्थ भौमिक, खलीलुर रहमान, अबू ताहेर खान, यूसुफ पठान, मिताली बाग और माला रॉय शामिल हैं। इस दस्तावेज पर रचना बनर्जी और सायोनी घोष के भी हस्ताक्षर थे। सांसदों ने अध्यक्ष को पत्र लिखकर दस्तीदार के नेतृत्व में एक अलग गुट को मान्यता देने की मांग की है। हालांकि, लोकसभा सचिवालय की ओर से इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि पत्र मिला है या नहीं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी वरिष्ठ पत्रकार हैं और मीडिया में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है।
परिचय, अनुभव एवं शिक्षा
वर्तमान में मदन हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। कुल एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं।
मीडिया में अवॉर्ड्स.
मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत एक दर्जन से ज्यादा पुरस्कार जीते हैं।
विशेषज्ञता
देश-विदेश की राजनीति पर गहरी पकड़
यूपी-बिहार समेत सभी राज्यों की खबरों को कवर करने का व्यापक अनुभव
विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव, संसद की कार्यवाही को लंबे समय से कवर किया
ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज, एनालिसिस स्टोरीज, एशिया, मिडिल ईस्ट, पश्चिमी देशों की खबरों को कवर करने का एक दशक से ज्यादा का एक्सपीरियंस


