
SIR के खिलाफ TMC का हल्लाबोल, BDO ऑफिस के बाहर लाठी और झाड़ू लेकर पहुंचे कार्यकर्ता
दक्षिण 24 परगना जिले में SIR में शामिल एक बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) को मस्तिष्काघात के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि SIR के दबाव और स्कूल के काम से निपटने के लिए 20 घंटे से अधिक समय से काम कर रहे थे।
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के एसआईआर के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है। टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हुगली के श्रीरामपुर में सोमवार को BDO और SDO कार्यालय के सामने लाठियां और झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया। यह विरोध चुनाव आयोग ऑफ इंडिया और बीजेपी के खिलाफ है, क्योंकि राज्य में एसआईआर चल रहा है। टीएमसी विधायक अरिंदम गुइन ने कहा, 'बीजेपी आम जनता के नाम काटने की कोशिश कर रही है। वे लोग चुनाव आयोग के साथ मिले हुए हैं मगर हम ऐसा होने नहीं देंगे। यह पश्चिम बंगाल है और यहां पर ममता बनर्जी हैं। किसी का भी नाम वोटर लिस्ट से कटने नहीं दिया जाएगा।'
दक्षिण 24 परगना जिले में SIR में शामिल एक बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) को मस्तिष्काघात के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। SIR के दबाव और स्कूल के काम से निपटने के लिए 20 घंटे से अधिक समय से काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बूथ पर कई मतदाताओं को सुनवाई का नोटिस मिलने के बाद वह और अधिक तनाव में आ गए थे। तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘भाजपा और उसके आज्ञाकारी निर्वाचन आयोग की संवेदनहीन व रक्तरंजित एसआईआर ने सारी हदें पार कर दी हैं। भाजपा के हाथ खून से सने हैं, और बंगाल हर एक बूंद को याद रखेगा।’
आपत्तियों की समय सीमा आज पूरी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 12 जनवरी को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान पहले ही 77 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच, पश्चिम बंगाल में मसौदा मतदाता सूची पर आवेदन और आपत्तियां दाखिल करने की चुनाव आयोग की विस्तारित समय सीमा सोमवार को समाप्त हो जाएगी। इसी के साथ एसआईआर के शिकायत और दावा चरण का समाप्त हो जाएगा। आयोग ने SIR की घोषणा के समय ही स्पष्ट कर दिया था कि मतदाताओं के साथ-साथ राजनीतिक दलों को भी मसौदा सूची के प्रकाशन के बाद दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अनुमति होगी। पश्चिम बंगाल में इस तरह के आवेदनों को जमा करने की अंतिम तिथि 19 जनवरी निर्धारित की गई थी। आज समय सीमा समाप्ति के बाद अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन तक कोई ताजा आवेदन या आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।





