टीएमसी ऑफिस में कैरम खेल रहे थे CAPF के तीन जवान, चुनाव आयोग ने कर दिया सस्पेंड
शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक जवान तीन स्थानीय युवकों के साथ कैरम खेलता दिख रहा है, जबकि दूसरा जवान खड़ा है और तीसरा कुर्सी पर बैठा हुआ है। यह सब टीएमसी के सूरी स्थित कार्यालय के अंदर हो रहा था।

चुनाव आयोग ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के तीन जवानों को सस्पेंड कर दिया है। इनके खिलाफ एक वायरल वीडियो सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है, जिसमें वे बीरभूम जिले के सूरी में तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय के अंदर कैरम खेलते दिख रहे हैं। एक सीनियर अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में विभागीय जांच का आदेश भी दे दिया गया है।
शनिवार को वायरल हुए वीडियो में एक जवान तीन स्थानीय युवकों के साथ कैरम खेलता दिख रहा है, जबकि दूसरा जवान खड़ा है और तीसरा कुर्सी पर बैठा हुआ है। यह सब टीएमसी के सूरी स्थित कार्यालय के अंदर हो रहा था। हालांकि, पीटीआई इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका। सूरी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जगन्नाथ चटर्जी ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे अत्यंत निंदनीय और निराशाजनक बताया।
केंद्रीय बलों की तैनाती पर सवाल
जगन्नाथ चटर्जी ने कहा, 'यह स्पष्ट नहीं है कि केंद्रीय बलों को कहां और कैसे तैनात किया जा रहा है। अगर स्थानीय प्रशासन या पुलिस की इसमें कोई भूमिका है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।' कांग्रेस के बीरभूम जिला अध्यक्ष संजय अधिकारी ने भी चिंता जताते हुए कहा, 'कैरम खेलना कोई अपराध नहीं है, लेकिन किसी राजनीतिक दल के कार्यालय के अंदर ऐसा करना अनुचित है।'
इस विवाद पर टीएमसी के बीरभूम जिला नेता मलय मुखर्जी ने जवाब देते हुए कहा, 'जो लोग यहां काम कर रहे थे, वे समझते हैं कि टीएमसी से अनौपचारिक रूप से बातचीत करना कोई अपराध नहीं है। शायद इसी वजह से वे बातें कर रहे थे और कैरम खेल रहे थे।'
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

