'इनके दोस्त ही पार्टी छोड़कर गए हैं', मल्लिकार्जुन खरगे ने ले लिए राहुल गांधी के मजे
राहुल गांधी ने कहा कि जो लोग पार्टी छोड़कर गए हैं वे कायर और डरपोक थे। अब जो बचे हैं वे शेर हैं। इसपर खरगे ने चुटकी लेते हुए कहा जो गए हैं वे इनके ही दोस्त थे।

एसआईआर में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। कांग्रेस के कुछ पुराने साथी भी हैं जो कि अब अपना रास्ता बदल चुके हैं। इस मौके पर वे राहुल -गांधी पर जमकर निशाना साध रहे हैं। इसी बात पर मजे लेते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जो लोग आज ताने मार रहे हैं वे कभी उनके (दोस्त) रहे हैं। उनके कई दोस्त पार्टी छोड़कर चले गए।
राहुल गांधी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बात कर रहे थे। इस दौरान उनकी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बीच भी चर्चा हुई और खरगे ने राहुल गांधी से चुटकी लेने का मौका नहीं छोड़ा। पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद और अन्य कुछ नेताओं को उदाहरण देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कायर और लालची लोग कांग्रेस से चले गए हैं और अब केवल शेर बचे हैं।
'राहुल के ही दोस्त भागे हैं'
एक रिपोर्ट में बताया गया कि मल्लिकार्जुन खरगे ने चुटकी लेते हुए कहा कि जो नेता पार्टी छोड़कर गए हैं वे इनके ही दोस्त थे। राहुल गांधी ने राजनीति में दोस्ती और दुश्मनी को लेकर कहा कि जो लोग डर गए थे वे चले गए। या तो उन्हें ईडी और सीबीआई से डर था या फिर वे लालच में चले गए।खरगे ने जब राहु गांधी के मजे ले लिए तो उन्होंने कहा, मेरी बहन प्रियंका यहीं बैठी हैं। उन्हें पता है कि जाने वाले उनके दोस्त नहीं थे।
दादी इंदिरा गांधी का किस्सा सुनाया
राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का एक किस्सा सुनते हुए कहा, मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला है। उनसे एक बार मैंने पूछा कि आपकी सबसे अच्छी दोस्त कौन हैं। तो उन्होंने कहा कि कोई भी उनकी अच्छी दोस्त नहीं हैं। मैंने पूछा, जो एक महिला अकसर आपसे मिलने आती हैं वह भी आपकी अच्छी दोस्त नहीं हैं? इसपर इंदिरा गांधी ने कहा, हो सकता है कि मैं उनके लिए सबसे अच्छी दोस्त होऊं पर वह ऐसी नहीं हैं।
राहुल ने की मल्लिकार्जुन खरगे की तारीफ
उन्होंने कहा, राजनीति में जो दोस्त दिखता है जरूरी नहं वह दोस्त हो। वहीं जो दुश्मन नजर आता है वह दोस्त भी हो सकता है। आप यह पहचान ही नहीं पाएंगे कि कौन दोस्त है और कौन दुश्मन। राहुल गांधी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे दो बार बनते-बनते मुख्यमंत्री नहीं बने लेकिन उन्होंने ना तो विचारधारा से समजौता किया और ना ही पार्टी से नाता तोड़ा।


