अब नहीं होती आतंकियों की भर्ती, अमित शाह बोले- सही रास्ते पर है कश्मीर
जम्मू-कश्मीर को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार सही रास्ते पर है और अब कश्मीर में स्थानीय लोग आतंकी नहीं बनते हैं। उन्होंने कहा कि लेह-लद्दाख को लेकर भी समितियों से चर्चा जारी है।
जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सबसे अच्छी बात यह है कि अब कश्मीर के युवा आतंकवाद की तरफ से मुंह मोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तानी आतंकी कश्मीर में स्थानीय स्तर पर भर्तियां नहीं कर पाते बल्कि उन्हें पाकिस्तान से ही आतंकी भेजने पड़ते हैं। हिन्दुस्तान समागम के मंच पर अमित शाह ने बिहार की राजनीति के साथ ही राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों का भी जवाब दिया।

अमित शाह ने कहा, कश्मीर पाकिस्तान से सटा हुआ प्रदेश है। वहां पर हुर्रियत की विचारधारा को धारा 370 से सपोर्ट मिलता था। हमने सबसे पहले धारा 370 को हटाया। इसके बाद युवाओं को अड्रेस किया गया। इसके बाद पंचायतों के चुनाव हुए। एक भी जगह गोलीबारी नहीं हुई। फ्री ऐंड फेयर विधानसभा के चुनाव हुए और उमर अब्दुल्ला जी की सरकार बनी। पहलगाम जैसी घटनाओं को रोकने का हमारा पूरा प्रयास है। लेकिन पाकिस्तान आतंकी संगठनों को ट्रेनिंग भी दे रहा है और फंडिंग भी कर रहा है। पाक ने तीन बर आतंकी हमले किए और तीनों बार हमने मजबूत जवाब दिया है। पहले ऐसे जवाब नहीं मिलता था। उनको था कि मारकर भाग जाओ। चलता रहता है। हमने दुनियाभर कोबताया है कि भारत की जमीन पर आतंकवाद की कोई जगह नहीं है। पहले उन्हें पाकिस्तान से आतंकी भेजने की जरूरत नहीं थी। हमारे ही बच्चों के हाथ में हथियार पकड़ाते थे। यह सब लंबे समय से चल रहा था और इसे समाप्त करने में समय लगता है। लेकिन हमें विश्वास है कि यह रास्ता सही है और इसी रास्ते से जम्मू-कश्मीर में शांति होगी।
कश्मीर को पूर्ण राज्य बनाने को लेकर अमित शाह ने कहा कि उचित समय पर यह भी हो जाएगा। पाकिस्तान और अफगानिस्तान में तनाव को लेकर गृह मंत्री ने कहा, पाक को कोई गंभीरता से नहीं लेता। वहां स्टेट स्पॉन्सर टेररिजम फल फूल रहा है। ओसामा भी वहीं से पकड़ा गया और वहीं मारा गया। मिलिट्री कैंप के पास में ही मारा गया।
लेह-लद्दाख पर क्या बोले शाह
अमित शाह ने लेह-लद्दाख को लेकर कहा कि भारत सरकार और लेह और कारगिल की समितियां चर्चा कर रही हैं। उनकी उचित मांगों पर जल्द ही फैसला होगा और अच्छा समाधान निकलेगा। उन्होंने सोनम वांगचुक की रिहाई पर कहा कि यह काम तो अदालत का है।





