Hindi NewsIndia NewsThe crowd started chasing me Indians also started getting attacked in Nepal upasana gill
भीड़ मेरे पीछे दौड़ पड़ी; नेपाल में भारतीयों पर होने लगे हमले, महिला ने सब बताया

भीड़ मेरे पीछे दौड़ पड़ी; नेपाल में भारतीयों पर होने लगे हमले, महिला ने सब बताया

संक्षेप:

नेपाल में स्थिति बिगड़ने पर भारत ने अपने नागरिकों को सलाह दी कि वे हालात शांत होने तक वहां की यात्रा स्थगित करने को कहा। विदेश मंत्रालय ने एक परामर्श में कहा, 'नेपाल में बन रहे हालात को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे स्थिति शांत होने तक वहां की यात्रा स्थगित कर दें।'

Wed, 10 Sep 2025 01:42 PMNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

नेपाल में हिंसक प्रदर्शन के बीच कई भारतीयों के भी फंसे होने की खबर है। इसी बीच एक महिला का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह दावा कर रही हैं कि भीड़ उनके पीछे लाठी लेकर दौड़ पड़ी और वह बड़ी मुश्किल से जान बचाकर भागी हैं। आशंका जताई जा रही है कि अकेले केरल से ही 40 से ज्यादा लोग नेपाल में फंसे हो सकते हैं।

महिला का नाम उपासना गिल है। उन्होंने वीडियो संदेश में कहा है कि प्रदर्शनकारी पर्यटकों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मेरा नाम उपासना गिल है और मैं यह वीडियो प्रफुल्ल गर्ग को भेज रही हूं। मैं भारतीय दूतावास से अपील करती हूं कि हमारी मदद करें। सभी लोग जो हमारी मदद कर सकते हैं, प्लीज करें। मैं यहां नेपाल को पोखरा में फंस गई हूं।'

उन्होंने कहा, 'मैं यहां एक वॉलीबॉल लीग का आयोजन कराने आई थी। जिस होटल में मैं ठहरी हुई थी, उसे आग लगा दी गई है। मेरा पूरा सामान मेरे कमरे में था और पूरे होटल को आग के हवाले कर दिया है। मैं स्पा में थी और लोग मेरे पीछे बड़े डंडे लेकर दौड़ रहे थे। मैं मुश्किल से अपनी जान बचाकर भागी हूं।'

उनका कहना है, 'हालात बहुत ही खराब हैं। सड़कों पर और हर जगह आग लगाई जा रही है। वो यहां पर्यटकों को भी नहीं छोड़ रहे हैं। वो इस बात की परवाह नहीं कर रहे हैं कि कोई पर्यटक है या यहां सिर्फ काम के लिए आया है। वो बगैर सोचे समझे हर जगह आग लगा रहे हैं और हालात यहां बहुत ज्यादा बुरे हो रहे हैं। हमें नहीं पता कि हम दूसरे होटल में कब तक रह पाएंगे।'

उन्होंने कहा, 'मैं भारतीय दूतावास से अनुरोध करती हूं कि इस वीडियो को उन तक पहुंचा दो। हाथ जोड़कर मैं आप सभी से अनुरोध करती हूं कि हमारी मदद करें। यहां मेरे साथ कई लोग हैं और हम यहां फंस गए हैं।'

भारत ने जारी की एडवाइजरी

नेपाल में सरकार विरोधी जबरदस्त प्रदर्शनों के बाद देश में राजनीतिक संकट गहराने के बीच भारत ने मंगलवार को कहा कि वह नेपाल के घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रहा है और उम्मीद जताई कि शांतिपूर्ण तरीके से मुद्दों का समाधान हो जाएगा। मंत्रालय ने नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों से स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील भी की है।

बयान में कहा गया, 'यह भी संज्ञान में आया है कि अधिकारियों ने काठमांडू और नेपाल के कई अन्य शहरों में कर्फ्यू लगा दिया है। नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क रहें और नेपाली अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों और नियमों का पालन करें।' नेपाल में स्थिति बिगड़ने पर भारत ने अपने नागरिकों को सलाह दी कि वे हालात शांत होने तक वहां की यात्रा स्थगित करने को कहा।

विदेश मंत्रालय ने एक परामर्श में कहा, 'नेपाल में बन रहे हालात को देखते हुए, भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे स्थिति शांत होने तक वहां की यात्रा स्थगित कर दें।'

परामर्श में कहा गया, 'नेपाल में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने वर्तमान निवास स्थानों पर ही रहें, सड़कों पर निकलने से बचें और पूरी सावधानी बरतें। उन्हें नेपाल के अधिकारियों और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी स्थानीय सुरक्षा सलाह का पालन करने की भी सलाह दी जाती है।'