कांग्रेस पार्टी में करने वाली है बड़े फेरबदल, बदलेंगे कई सचिव; ममता बनर्जी को भी मिलेगा पद?
कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर संगठन स्तर पर कई बड़े बदलाव कर सकती है। हालांकि, इसे लेकर पार्टी ने कोई योजना सार्वजनिक नहीं की है। ये घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहे हैं, जब टीएमसी और कांग्रेस के विलय की अटकलें लगाई जा रहीं हैं।

2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव कर सकती है। कहा जा रहा है कि इसमें AICC सचिवों को बदलना या फेरबदल शामिल हैं। खास बात है कि ये घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहा है, जब दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के विलय की चर्चाएं हैं। कहा जा रहा है कि अगर TMC विलय करती है, तो ममता बनर्जी और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को शीर्ष पद दे सकती है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस करीब 50 प्रतिशत सचिवों को बदल सकती है। हालांकि, इसे लेकर कांग्रेस की तरफ से घोषणा किया जाना बाकी है। हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा सांसद राहुल गांधी की बैठक भी हुई थी, जिसमें सचिवों को बीते 6 महीने की रिपोर्ट्स लाने के लिए कहा गया था।
खास बात है कि इससे पहले कांग्रेस ने महासचिवों से सचिवों और प्रभारियों के काम का फीडबैक भी मांगा था। रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस राज्यों और केंद्रीय स्तर पर बड़ा संगठनात्मक बदलाव कर सकती है।
बदलाव के संकेत
अखबार से बातचीत में एक सचिव ने कहा, 'जब हम राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से मिलने गए, तो उन्होंने पहले से ही हमारे बारे में राज्यों के जनरल सेक्रेटरी और प्रभारियों से फीडबैक ले रखी थी। वे हमारे साथ बैठे और हमें अपनी बात रखने का पूरा मौका दिया। उन्होंने हमसे पूछा कि राज्यों में पार्टी के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए क्या किया जाना चाहिए। हममें से कुछ लोगों से साफ कह दिया गया कि हमारा काम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, इसलिए हमारी जगह किसी और को रखा जा सकता है।'
एक सूत्र ने अखबार को बताया कि कुछ सचिवों के काम से राहुल गांधी खुश नहीं थे और उन्हें और ज्यादा सक्रिय होने के लिए कहा गया है। सूत्रों ने बताया है कि इस दौरान उत्तर प्रदेश और पंजाब के सचिवों में बदलाव किया जा सकता है। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि फरवरी 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले नेतृत्व परिवर्तन किया जा सकता है। अटकलें ये भी हैं कि राजा अमरिंदर सिंह वडिंग को हटाकर पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को कमान सौंपी जा सकती है।
ममता बनर्जी को मिलेगा मौका
खबरें हैं कि कांग्रेस ने टीएमसी को विलय की पेशकश की है। बुधवार को इसे लेकर अटकलों का दौर जारी रहा। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने ममता बनर्जी को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाने की पेशकश की है। वहीं, भतीजे अभिषेक को कांग्रेस महासिचव पद की। हालांकि, दोनों ही दलों ने अटकलों को खारिज कर दिया है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

