CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी गई थी यूथ कांग्रेस के पास, पार्टी अध्यक्ष ने शामिल होने से कर दिया मना
CJP Protest: दिल्ली में 1 हजार पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई भाषा को बताया, 'अगर वे अनुमति मांगेंगे, तो हम उनके अनुरोध पर विचार करेंगे।' सीजेपी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छह जून को प्रदर्शन की तैयारी की है।

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर NEET मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। अब खबर है कि सोशल मीडिया से पॉपुलर हुए इस दल को IYC यानी इंडियन यूथ कांग्रेस का साथ नहीं मिला है। कहा जा रहा है कि युवा संगठन ने किसी और दल के साथ मंच साझा करने से इनकार कर दिया है। इधर, दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि CJP की तरफ से कोई अनुरोध पत्र नहीं मिला है।
IYC से मिलने पहुंचे CJP नेता
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि सीजेपी के कई पदाधिकारी यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब से मिले थे। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि उनके बीच में क्या बात हुई। जबकि, चिब ने अखबार को बताया है कि IYC ने साफ कर दिया है कि किसी और संगठन के साथ मंच साझा नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा, '...जो भी संगठन हमारे युवाओं से जुड़े इस मुद्दे को उठाना चाहता है, हम उसका स्वागत करते हैं। लेकिन किसी और के मंच में शामिल होने की संभावनाएं नहीं हैं।'
समझने गई थी यूथ कांग्रेस
रिपोर्ट के अनुसार, यूथ कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि ऑनलाइन पार्टी को शायद यह लगा कि विरोध प्रदर्शन के तरीकों को समझने और संगठन के तालमेल के लिए यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की मदद लेना जरूरी है। इससे उन्हें जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत करने और बड़े पैमाने पर स्वीकार्यता हासिल करने में भी मदद मिलेगी।
कांग्रेस क्यों है सतर्क
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस इस बात को लेकर अलर्ट है कि सीजेपी का नया आंदोलन राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों का दूसरा 'India Against Corruption' न बन जाए। कांग्रेस के रणनीतिकारों और युवा संगठनों को सीजेपी के तार दूसरे राजनीतिक दल से जुड़े मिले हैं और कांग्रेस ने अपने सदस्यों से सीजेपी को लेकर सतर्क रहने को कहा है।
दिल्ली पुलिस की तैयारी
खबर है कि नई दिल्ली में 1 हजार पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई भाषा को बताया, 'अगर वे अनुमति मांगेंगे, तो हम उनके अनुरोध पर विचार करेंगे।' सीजेपी ने परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छह जून को प्रदर्शन की तैयारी की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्हें प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के बारे में मुख्य रूप से सोशल मीडिया पोस्ट और ऑनलाइन प्रसारित संदेशों के माध्यम से जानकारी मिली। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अब तक अभिजीत दीपके के नेतृत्व वाले संगठन से कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने कहा कि वे स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं और प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए प्रारंभिक सुरक्षा व्यवस्था कर रहे हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

