प्लीज मदद कीजिए; तमिलनाडु CM थलपति विजय की जयशंकर से गुहार, क्या है मामला?
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय ने विदेश मंत्री जयशंकर को पत्र लिखकर मालदीव कोस्ट गार्ड द्वारा पकड़े गए मछुआरों की रिहाई पर ध्यान देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर विदेश मंत्री इस मामले में व्यक्तिगत रूप से ध्यान देंगे, तो यह प्रभावित परिवारों में भरोसा जगाने वाला होगा।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मालदीव जेल में बंद मछुआरों की रिहाई के लिए भारत सरकार से गुहार लगाई है। उन्होंने केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर इस मामले में व्यक्तिगत रूप से ध्यान देने और मछुआरों की जल्द से जल्द रिहाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कि थूथुकुडी के रहने वाले इन 25 मछुआरों को मालदीव कोस्टगार्ड ने 13 अक्तूबर को हिरासत में ले लिया था। इनके साथ ही इनकी तीन नावें भी हिरासत में ली गई थीं।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने इस मामले के सामने आते ही विदेश मंत्री जयशंकर को पत्र लिखकर इस मामले पर ध्यान देने का अनुरोध किया। उन्होंने लिखा, "मेरा आपसे अनुरोध है कि इस मामले में उचित राजनयिक माध्यमों का प्रयोग करके मालदीव सरकार के सामने अपनी बात रखें। इसके बाद मछुआरों और उनकी नावों की जल्द रिहाई और सुरक्षित स्वदेश वापसी में भी मदद करें।"
विदेश मंत्री जयशंकर व्यक्तिगत तौर पर करें हस्तक्षेप- विजय
तमिलनाडु सीएम ने कहा कि विदेश मंत्री जयशंकर अगर इस मामले में व्यक्तिगत तौर पर हस्तक्षेप करते हैं तो इससे पूरे मछुआरे समुदाय का भरोसा बढ़गेा। उन्होंने कहा, "आप अगर इस मामले में व्यक्तिगत रूप से आगे बढ़कर बात करते हैं। तो इससे प्रभावित परिवारों और मछली पकड़ने वाले समुदाय को भरोसा मिलेगा।"
श्रीलंकाई और मालदीवी कोस्टगार्ड द्वारा पकड़े जाते हैं मछुआरे
बता दें, तमिलनाडु में मछली पकड़ने के लिए समंदर में जाने वाले मछुआरे ज्यादा मछली पकड़ने के लिए या फिर कई बार भ्रम की स्थिति में आगे की तरफ चले जाते हैं। यहां से यह आए दिन श्रीलंकाई या फिर मालदीवी कोस्ट गार्ड द्वारा गिरफ्तार कर लिए जाते हैं। बाद में आपसी समन्वय से इन्हें वापस लाया जाता है। इस महीने की शुरुआत में ही थलपति विजय ने जयशंकर को एक और पत्र लिखकर श्रीलंकाई नौसेना द्वारा पकड़े गए 20 मछुआरों और 270 मछली पकड़ने वाली नावों की तत्काल रिहाई करवाने की गुहार लगाई थी।
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि इस तरह की बार-बार होने वाली घटनाएं तमिलनाडु के तटीय मछली पकड़ने वाले समुदायों के बीच काफी चिंता और डर पैदा कर रही हैं। रामनाथपुरम और आसपास के तटीय जिलों के मछुआरे पारंपरिक रूप से अपनी आजीविका के मुख्य स्रोत के तौर पर पाक खाड़ी (पाल्क बे) क्षेत्र पर निर्भर हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन गिरफ्तारियों और नौकाओं की जब्ती के कारण मछुआरों के परिवारों को भारी परेशानी और गंभीर आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है

