तमिलनाडु सीएम थलपति विजय ने चेन्नई के लिए मांगा 'सुप्रीम कोर्ट', पीएम मोदी को लिखा खत
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय ने चेन्नई में सुप्रीम कोर्ट की एक स्थायी ब्रांच स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखकर इस मुद्दे को उच्चतम न्यायलय के सामने उठाने की अपील की है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट की एक स्थाई ब्रांच चेन्नई में खुलवाने की अपील की है। सीएम विजय ने कहा है कि पिछले काफी समय से यह मांग लंबित है। केंद्र सरकार इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के सामने उठाए। उन्होंने तर्क दिया कि इसका लाभ केवल तमिलनाडु ही नहीं, बल्कि दक्षिण भारत के उन तमाम राज्यों को होगा, जो भौगोलिक दूरी की वजह से सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे को अपने से दूर मानते हैं।
कुछ महीने पहले ही तमिलनाडु की सत्ता संभालने वाले थलपति विजय ने राज्य की दशकों पुरानी मांग को केंद्र सरकार के सामने रखा है। अपने पत्र में, विजय ने बताया कि यह मांग 1980 से चली आ रही है। विजय ने तर्क दिया कि संविधान सभी को यह सुप्रीम कोर्ट जाने का रास्ता देता है, फिर चाहें व्यक्ति अमीर हो या फिर गरीब। लेकिन समय के साथ सुप्रीम कोर्ट की पहुंच केवल उन्हीं लोगों के लिए आसान हो गई है, जो दिल्ली के आसपास रहते हैं या फिर आर्थिक बोझ उठाने में सक्षम हैं।
दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट, दक्षिण भारत के नागरिकों को नुकसान
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय ने पीएम को लिखे अपने पत्र में तर्क दिया कि सुप्रीम कोर्ट और दक्षिण भारत की दूरी का नुकसान दक्षिणी राज्यों को उठाना पड़ता है। क्योंकि उनके राज्यों और नई दिल्ली के बीच की दूरी बहुत ज्यादा है।
चेन्नई में हो सुप्रीम कोर्ट की स्थायी ब्रांच- सीएम विजय
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय ने मद्रास हाई कोर्ट की कानूनी विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट की नई और स्थायी ब्रांच के लिए चेन्नई सबसे उपयुक्त जगह है। उन्होंने कहा कि मद्रास हाई कोर्ट भारत के सबसे पुराने हाई कोर्ट में से एक है। इसकी स्थापना 1862 में हुई थी। उन्होंने मद्रास उच्च न्यायालय बार काउंसिल की पेशेवर क्षमता पर भी जोर दिया और कहा कि दक्षिणी राज्यों की सेवा करने के लिए यह शहर रणनीतिक रूप से एक उपयुक्त स्थान पर स्थित है।
चेन्नई में सुप्रीम कोर्ट की नई ब्रांच न देने का कोई ठोस विरोध नहीं- विजय
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट की एक नई ब्रांच चेन्नई में शुरू करने के लिए कई पुराने मुद्दों का भी जिक्र किया। उन्होंने इस मुद्दे पर 2007 में न्यायाधीशों द्वारा किए गए विरोध के बारे में बात करते हुए कहा कि उस 'फुल कोर्ट' के पास भी इस मुद्दे पर विरोध का कोई कारण नहीं था।
विजय ने 2016 की एक रिट याचिका 'वी. वसंतकुमार बनाम एच. सी. भाटिया व अन्य' में सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश का भी जिक्र किया। इस मामले में, क्षेत्रीय पीठों की स्थापना से जुड़े कानूनी सवाल, भारत के मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पांच जजों की संविधान पीठ को सौंपे गए थे।सुप्रीम कोर्ट के इस रुख पर फिर से विचार करने का आग्रह करते हुए, मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव के समर्थन में कई सिफारिशों का हवाला दिया।
नई ब्रांच का प्रशासनिक नियंत्रण सीजेआई के हाथ में ही- विजय
विजय ने नई ब्रांच को लेकर होने वाले विरोध का भी जवाब दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि चेन्नई में सुप्रीम कोर्ट की नई ब्रांच के खुलने से उच्च न्यायालय की न्यायिक स्वतंत्रता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। क्योंकि दोनों न्यायपालिकाओं का प्रशासनिक नियंत्रण भारत के मुख्य न्यायाधीशके पास ही होगा। विजय ने पीएम मोदी से आग्रह किया कि वह सुप्रीम कोर्ट के सामने इस मुद्दे को रखें।

