राहुल गांधी के साथ लंच, अगले दिन PM मोदी संग सफर; थलपति विजय का शक्ति संतुलन
थलपति विजय की पार्टी टीवीके के कुछ कार्यकर्ताओं के बीच उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की मांग उठ रही है। ऐसे में राहुल गांधी और पीएम मोदी के साथ उनके अलग-अलग कार्यक्रमों को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय इन दिनों कांग्रेस और केंद्र की बीजेपी सरकार के बीच संतुलन बनाते नजर आ रहे हैं। एक दिन पहले उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ कैफे में लंच और कॉफी पर मुलाकात की थी। इसके अगले दिन शनिवार को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चेन्नई मेट्रो में सफर करते और IIT मद्रास परिसर में मंदिर जाते नजर आए। विजय के इन दोनों कार्यक्रमों ने राज्य की राजनीति के साथ राष्ट्रीय स्तर पर उनकी बढ़ती महत्वाकांक्षाओं को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है। पीएम मोदी चेन्नई मेट्रो रेल के दूसरे चरण का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने करीब 13 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
थलपति विजय की पार्टी टीवीके के कुछ कार्यकर्ताओं के बीच उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की मांग उठ रही है। ऐसे में राहुल गांधी और पीएम मोदी के साथ उनके अलग-अलग कार्यक्रमों को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। विजय की पार्टी TVK सरकार को कांग्रेस का समर्थन हासिल है। कांग्रेस 2029 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश करने की तैयारी कर रही है। ऐसे में विजय की राष्ट्रीय राजनीति में बढ़ती दिलचस्पी कांग्रेस के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकती है। राहुल गांधी के साथ विजय की मुलाकात को दोनों दलों के बीच रिश्तों को लेकर उठ रही अटकलों को दूर करने की कोशिश के तौर पर भी देखा गया।
थलपति विजय को प्रधानमंत्री बनाने की मांग
टीवीके का कहना है कि थलपति विजय को प्रधानमंत्री बनाने की मांग कुछ कार्यकर्ताओं की इच्छा है, यह पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं है। हालांकि, पार्टी के कुछ मंत्रियों ने सार्वजनिक रूप से सवाल उठाया कि भारत की आर्थिक तरक्की में अहम योगदान देने वाला तमिलनाडु प्रधानमंत्री क्यों नहीं दे सकता। विजय ने भी राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका निभाने की संभावना से इनकार नहीं किया है। दूसरी ओर, वह बीजेपी को अपनी पार्टी का वैचारिक विरोधी बता चुके हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें केंद्र सरकार के साथ धन, योजनाओं और निवेश जैसे मुद्दों पर मिलकर काम करना है। उनकी सरकार ने केंद्र के साथ रिश्तों को सीधे टकराव के रूप में पेश करने से परहेज किया है।
विजय की मुलाकातों पर क्या बोली टीवीके
टीवीके नेता निर्मल कुमार ने दोनों मुलाकातों के पीछे की वजह समझाते हुए कहा कि उनकी पार्टी राज्य के कल्याण और विकास के लिए पीछे हटने को तैयार है। उन्होंने कहा, 'हम स्पष्ट हैं। हम केवल तमिलनाडु के कल्याण और विकास के लिए पीछे हटते हैं। आज सरकारी कार्यक्रम था, जबकि कल राहुल के साथ राजनीतिक मुलाकात थी। उससे उनकी दोस्ती दिखाई दी।' पीएम मोदी ने भी अपने संबोधन में तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों के साथ काम करने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने दिवंगत जे. जयललिता, के. पलानीस्वामी और एम. के. स्टालिन के साथ काम किया है। सरकारें बदलने के बावजूद तमिलनाडु के विकास के लिए उनका संकल्प कायम है और अब वह मुख्यमंत्री विजय के साथ काम कर रहे हैं।

