राहुल गांधी की हिरासत की निंदा तक नहीं, पीएम मोदी के साथ मंदिर भी गए; विजय की राजनीति के मायने
दिल्ली में आंदोलन को लेकर सीएम विजय ने चुप्पी साध रखी है। यहां तक कि उन्होंने राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने पर भी एक शब्द नहीं बोला। वहीं पीएम मोदी के दौरे के दौरान वह मेट्रो से मंदिर तक उनके साथ नजर आए।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने अपनी राजनीति को केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को लेकर चल रहे विवादों से दूर रखा है। तमिलनाडु में कांग्रेस उनकी सहयोगी है इसके बाद भी उन्होंने राहुल गांधी की हिरासत पर अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी। दिल्ली में सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर मार्च के दौरान राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इसपर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया दी लेकिन टीवीके चीफ सीएम विजय ने एक शब्द भी नहीं कहा। वहीं इसके दो दिन बाद ही वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ मेट्रो में सफर करते और मंदिर में नजर आए।
राहुल गांधी के बाद 24 घंटे में ही पहुंच गए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को चेन्नई दौरे पर थे। सीएम विजय ने उन्हें एयरपोर्ट पर पहुंचकर रिसीव किया। इससे एक दिन पहले ही राहुल गांधी भी चेन्नई पहुंचे थे। तब विजय ने अपने घर में उनका स्वागत किया था। 24 घंटे के अंदर ही पीएम मोदी भी चेन्नेई पहुंच गए। सीएम विजय और पीएम मोदी ने मेट्रो में एक साथ सफर किया और इसके बाद साथ-साथ मंदिर भी गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम विजय ने मेट्रो रेल के दूसरे फेज का झंडी दिखाकर उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में पूनामाल्ली बाइपास और वेडापालानी के बीच 11 मेट्रो स्टेशनों से होकर गुजरने वाले 4900 करोड़ के मेट्रो प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। इसमें 3.7 किलोमीटर का डबल डेकर सिस्टम भी शामिल है। इसके बाद शाम को चार बजे मेट्रो सेवाएं भी शुरू हो गईं। तमिलनाडु के लिए 13000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। यह मेट्रो रेल प्रोजेक्ट भी उसी का हिस्सा था।
मंदिर भी साथ गए सीएम विजय
प्रधानमंत्री मेट्रो प्रोजेक्ट के उद्घाटन के बाद आईआईटी मद्रास भी गए जहां उनके साथ सीएम विजय भी मौजूद थे। इसके बाद पीएम मोदी जलकंडेश्वरार मंदिर गए जहां सीएम विजय भी उनके साथ ही थे। आधिकारिक कार्यक्रमों में पीएम मोदी के साथ विजय का शामिल होनाआम बात है। लेकिन उनके साथ-साथ मंदिर जाने से सियासी गलियारों में चर्चाएं हो रही हैं। इसकी वजह है कि यह प्रोटोकॉल से अलग कार्यक्रम था। सीएम विजय विपक्षा पार्टियों के साथ गठबंधन में हैं। ऐसे में पीएम मोदी के साथ मंदिर जाने के कई मायने निकाले जा सकते हैं।
शुक्रवार को भी जब राहुल गांधी चेन्नई पहुंचे तो सीएम विजय का कार्यक्रम क्लियर नहीं था। यह भी नहीं पता था कि राहुल गांधी का उनके साथ लंच होगा या नहीं। वहीं कांग्रेस के लोगों ने भी सोचा कि अगर सीएम विजय खुद आगे नहीं बढ़ते तो उनपर दबाव बनाने का कोई मतलब नहीं है। अंत में राहुल गांधी को उन्होंने अपने घर पर आमंत्रित किया और साथ में लंच किया। इस पूरे घटनाक्रम पर जानकारों का कहना है कि विजय बिना राजनीतिक बयानबाजी में पड़े अपना काम करना चाहते हैं। इसलिए वह किसी भी विवाद में नहीं पड़ना चाहते। राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार से तालमेल भी जरूरी है और सरकार को बनाए रखने के लिए सहयोगियों के साथ सामंजस्य भी। इसीलिए विजय ने ना तो राहुल गांधी को अनदेखा किया और ना ही पीएम मोदी के साथ कहीं जाने से इनकार किया।

