हम भी सनातन को खत्म करने के लिए मैदान में, अब विजय के विधायक के विवादित बोल; फिर पलटे
विजय के विधायक बदरुद्दीन ने कहा कि हम भी सनातन धर्म को खत्म करने के लिए मैदान में हैं। टीवीके विधायक ने हालांकि भाजपा नेताओं की ओर से उनकी और जोसेफ सी विजय के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना किए जाने के बाद स्पष्टीकरण जारी किया।

तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के विधायक मधर बदरुद्दीन (वी एम एस मुस्तफा) ने सदन में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म पर दिए गए बयान का समर्थन कर विवाद खड़ा कर दिया। हालांकि, चौतरफा आलोचना के बाद पलटते हुए उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया। विजय की पार्टी से मदुरै मध्य से विधायक बदरुद्दीन ने टिप्पणी की थी कि ‘’हम भी सनातन धर्म को खत्म करने के लिए मैदान में हैं।'' टीवीके विधायक ने हालांकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं की ओर से उनकी और जोसेफ सी विजय के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना किए जाने के बाद स्पष्टीकरण जारी किया।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने आरोप लगाया कि किसी मुस्लिम व्यक्ति, विशेषकर निर्वाचित प्रतिनिधि द्वारा हिंदू धर्म के बारे में अपमानजनक बातें कहना और इसे समाप्त करने की उद्घोषणा करना धार्मिक सद्भाव को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाएगा। तिरुपति ने सवाल किया, ''सनातन धर्म की आलोचना करने वाले मुस्तफा क्या इस्लामी आस्था की आलोचना करने का साहस करेंगे? क्या वे ईसाई धर्म की आलोचना करने के लिए आगे आएंगे?''
भाजपा नेता ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि सत्ता में होने मात्र से कुछ भी कहने का अधिकार रखने का विश्वास अहंकार को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ''मुख्यमंत्री विजय ने अब तक विधानसभा में उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म पर दिए गए भाषण या टीवीके विधायक मुस्तफा की टिप्पणियों की निंदा नहीं की है। एक मुख्यमंत्री के लिए, जो सभी लोगों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करता है, बहुसंख्यक समुदाय की जीवनशैली की आलोचना की निंदा न करना उनके उच्च पद के अनुरूप नहीं है।''
तिरुपति ने कहा कि सनातन धर्म ''जीवंत और शाश्वत'' है। उन्होंने कहा,''इसे अतीत में किसी ने भी नष्ट या मिटाया नहीं है, न ही आज कोई जीवित व्यक्ति ऐसा करने में सक्षम है, और न ही भविष्य में जन्म लेने वाला कोई व्यक्ति इसे नष्ट कर पाएगा।'' मुस्तफा ने 12 मई को मदुरै में संवाददाताओं द्वारा विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव जीतने की टीवीके की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर कहा था कि पार्टी विजयी होगी।
'हम किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं'
उदयनिधि स्टालिन द्वारा सनातन धर्म के उन्मूलन संबंधी टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर मुस्तफा ने कहा, ''हम टीवीके में पेरियार ई.वी. रामासामी और बी.आर. आंबेडकर की विचारधाराओं का अनुसरण करते हैं, और हम भी सनातन धर्म का विरोध करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'' मुस्तफा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में स्पष्ट किया कि ''हम किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं हैं।'' द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता उदयनिधि स्टालिन ने 12 मई को विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान अपने पहले के विवादास्पद बयान को दोहराया कि सनातन धर्म का उन्मूलन किया जाना चाहिए। भाजपा नेता विनोद पी सेल्वम ने मांग की कि विजय को मुस्तफा को बर्खास्त करना चाहिए ताकि यह साबित हो सके कि वह धर्मनिरपेक्ष मूल्यों के लिए खड़े हैं।
लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी वरिष्ठ पत्रकार हैं और मीडिया में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है।
परिचय, अनुभव एवं शिक्षा
वर्तमान में मदन हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। कुल एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं।
मीडिया में अवॉर्ड्स.
मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत एक दर्जन से ज्यादा पुरस्कार जीते हैं।
विशेषज्ञता
देश-विदेश की राजनीति पर गहरी पकड़
यूपी-बिहार समेत सभी राज्यों की खबरों को कवर करने का व्यापक अनुभव
विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव, संसद की कार्यवाही को लंबे समय से कवर किया
ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज, एनालिसिस स्टोरीज, एशिया, मिडिल ईस्ट, पश्चिमी देशों की खबरों को कवर करने का एक दशक से ज्यादा का एक्सपीरियंस


