
मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर, ईरान ने जयशंकर को घुमाया फोन; जानें क्या हुई बात
ईरान में जारी बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों और सरकारी दमन के बीच ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर को फोन किया। दोनों नेताओं ने ईरान और उसके आसपास की तेजी से बदलती स्थिति पर विस्तार से बातचीत की।
ईरान में जारी बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों और सरकारी दमन के बीच ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर को फोन किया। दोनों नेताओं ने ईरान और उसके आसपास की तेजी से बदलती स्थिति पर विस्तार से बातचीत की। जयशंकर ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची का फोन आया। हमने ईरान और उसके आसपास की विकसित हो रही स्थिति पर चर्चा की।
यह फोन कॉल ऐसे समय में आई है जब ईरान में खामेनेई शासन के खिलाफ राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन चरम पर हैं। प्रदर्शनों की शुरुआत आर्थिक संकट और रियाल के मूल्य में भारी गिरावट से हुई, जो अब पूरे देश में शासन-विरोधी आंदोलन में बदल चुकी है। रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा बलों द्वारा की गई कार्रवाई में मौतों का आंकड़ा 2500 से अधिक पहुंच चुका है और हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।
इसी बीच, भारतीय दूतावास ने ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों ( छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों) को तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है। 14 जनवरी 2026 की एडवाइजरी में कहा गया है कि उपलब्ध सभी साधनों का उपयोग करें, जिसमें व्यावसायिक उड़ानें शामिल हैं।
विदेश मंत्रालय की एडवाइजरी में और क्या
- सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे पासपोर्ट, पहचान पत्र और अन्य यात्रा/आव्रजन दस्तावेज हमेशा साथ रखें
- विरोध प्रदर्शन या रैली वाले क्षेत्रों से दूर रहें
- भारतीय दूतावास के संपर्क में बने रहें और स्थानीय मीडिया पर नजर रखें
- किसी भी सहायता के लिए दूतावास से संपर्क करें (हेल्पलाइन- +989128109115, +989128109109 आदि)
- गैर-जरूरी यात्रा से बचें और अगले आदेश तक ईरान न जाएं

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें




