'इतना गंदा क्यों हैं?' वॉशरूम में गंदगी देख भड़क गए तेलंगाना के मंत्री, खुद करने लगे सफाई
तेलंगाना सरकार में मंत्री जापुल्ली कृष्णा राव तहसीलदार कार्यालय में औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। यहां पर वह वॉशरूम की गंदगी देखकर नाराज हो गए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों को नसीहत दी और खुद ही सफाई करने में जुट गए।

तेलंगाना सरकार में मंत्री जुपल्ली कृष्णा राव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। एक तहसीलदार कार्यालय में निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री वहां के वॉशरूम के हालात देखकर नाराज हो गए। उन्होंने तुरंत ही साफ-सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों से इस लापरवाही के लिए नाराजगी जताई।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को राज्य सरकार में मंत्री जुपल्ली कृष्णा राव औचक निरीक्षण के लिए नागरकुर्नूल जिले के पेंटलावेल्ली स्थित तहसील कार्यालय पहुंच गए। वहां पर निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कार्यालय के वॉशरूम की हालात बहुत खराब थी। इस पर नाराज होकर जापुल्ली ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि आखिर जो मानक हैं, उसके ऊपर लापरवाही क्यों बरती जा रही है।
इसके बाद राज्य सरकार में मंत्री ने खुद ही पानी का डिब्बा उठाया और सफाई करनी शुरू कर दी। इसके बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने मोर्चा अपने हाथ में लिया और देखते ही देखते सफाई पूरी हुई।
इसके बाद राज्य सरकार के मंत्री तहसीलदार कार्यालय में पहुंचे। यहां पर उन्होंने राजस्व से जुड़ी अर्जियों की जांच की और मंडल राजस्व कार्यालय और राजस्व संभागीय अधिकारियों के बीच लंबित फाइलों की समीक्षा की। जुपल्ली ने अधिकारियों से राजस्व से जुड़ी अर्जियों के निपटारे में हो रही देरी के बारे में भी सवाल किए और संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से भी तहसील कार्यालय के काम को लेकर बात की। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान मंत्री के साथ उनके समर्थक और आस पास के लोग मौजूद रहे।
हालांकि, सोशल मीडिया पर मंत्री का सफाई करते हुए वीडियो वायरल होने की चर्चा चारों तरफ हो रही है। कुछ लोग इसे वायरल होने की जुगाड़ बता रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग मंत्री की तारीफ भी कर रहे हैं। जिस दौरान मंत्री जुपल्ली यह साफ-सफाई कर रहे थे, उस दौरान वहां पर कई लोग मौजूद थे, जिन्होंने इस पूरे वाकये की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर की।


