राजनीति में काला जादू: तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी ने विपक्ष पर लगाया अघोर पूजा करवाने का आरोप
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने राज्य के मुख्य विपक्षी दल BRS के ऊपर सरकार को बदनाम करने के लिए काला जादू करवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कई लोग राज्य में बारिश की कमी करवाने लिए अघोर पूजा का सहारा ले रहे हैं।

राजनीति में आमतौर पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विवाद देखने को मिलता रहता है। लेकिन गुरुवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने विपक्षी पार्टी भारत राष्ट्र समिति (BRS) के ऊपर काला जादू और अघोर पूजा करवाने का आरोप लगाया। एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान रेड्डी ने कहा कि विपक्ष कांग्रेस सरकार को बदनाम करने के लिए काले जादू समेत तमाम तांत्रिक क्रियाओं का सहारा ले रहा है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक इंदरिम्मा हाउसिंग टावर्स की आधारशिला रखने के बाद रेड्डी ने एक विशाल जनसमूह को संबोधित किया। यहीं पर उन्होंने काले जादू के बारे में बात की। उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस नेताओं ने सरकार का बुरा चाहने के लिए काले जादू का सहारा लिया है। उन्होंने कहा, "कुछ लोग कर्नाटक और तमिलनाडु गए और अघोर पूजा की, जिसमें उन्होंने कामना की कि राज्य में सूखा पड़े, लोग मरें और सरकार बदनाम हो। ऐसे बुरे लोग भी हैं। हालांकि उन्होंने अघोर पूजा की, लेकिन भगवान उनके साथ नहीं हैं। भगवान हमारे साथ हैं। क्योंकि हमारा संकल्प नेक है।"
कोई कुछ भी करे, जनता की भलाई का काम करेंगे- सीएम रेवंत रेड्डी
मुख्यमंत्री रेड्डी ने जोर देकर कहा कि विपक्ष चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, राज्य के लोगों का भला होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि हाल की बारिश से पानी की स्थिति में सुधार हुआ है और हैदराबाद में पानी की आपूर्ति की कोई समस्या नहीं होगी।
रेड्डी ने पिछली सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बीआरएस सरकार ने राज्य को बड़ी वित्तीय परेशानियों में डाल दिया था। इसके बाद भी सरकार लगातार जनता के हितों की योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।
मैं ज्यादा पढ़ा लिखा नहीं, लेकिन नियत साफ है- मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने विपक्षी दल बीआरएस पर हमला बोलते हुए कहा कि भले ही के. चंद्रशेखर राव के पास सबकुछ हो, लेकिन फिर भी उन्हें अपनी ही पार्टी के लोगों से विरोध का सामना करना पड़ रहा है। रेड्डी ने जोर देकर कहा कि वह खुद को ज्यादा बुद्धिमान या फिर पढ़ा लिखा नहीं मानते हैं। लेकिन उनकी नियत साफ है और इसी वजह से भगवान उनकी मदद करते हैं।
उन्होंने पूछा, "एक ऐसी पार्टी जो 10 साल सत्ता में रही है। 25 सालों से राजनीति में काम कर रही है। क्या उसके लिए इस तरह से जादू टोने और तंत्र मंत्र का सहारा लेना ठीक है? मैं यह कहना चाहता हूं कि अगर नियत साफ नहीं है, तो इस तरह की चीजों का काले जादू का असर उल्टा होता है। बीआरएस नेताओं ने जितने भी जादू टोने किए हैं। इसका असर पलटकर उनके ही ऊपर होगा। उनकी ही परेशानी बढ़ेगी।"
बीआरएस की तरफ से कोई जवाब नहीं
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की तरफ से लगाए गए इन आरोपों पर अभी तक बीआरएस की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस पार्टी की तरफ से भारत राष्ट्र समिति के नेताओं को ऊपर काला जादू करवाने का आरोप लगाया गया है। मुख्यमंत्री रेवंत के पहले तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष बी महेश कुमार गौड़ ने भी बीआरएस विधायक टी. हरीश राव के ऊपर क्षुद्र पूजा करवाने का आरोप लगाया था। गौड़ ने कहा था कि हरीश राव ने राज्य की बारिश को रोकने के लिए क्षुद्र पूजा करवाई है। ताकि बारिश की कमी से होने वाले सूखे का राजनीतिक लाभ उठाया जा सके। बाद में हरीश राव ने इस बयान के लिए गौड़ को कानूनी नोटिस भी भेजा था।


