कांग्रेस साउथ में पावरफुल, पर UP में क्यों नहीं; CM ने दी भगवान वाली दलील
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से जब पूछा गया कि कांग्रेस दक्षिण भारतीय राज्यों में काफी लोकप्रिय है, लेकिन उत्तर भारत में क्यों नहीं। इसपर उन्होंने भगवान राम और भगवान शिव का उदाहरण दिया है। साथ ही SIR पर भी बात की।

कांग्रेस शासित तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने बताया है कि कांग्रेस दक्षिण भारतीय राज्यों में क्यों लोकप्रिय है। उन्होंने इसके लिए भगवान राम और शिव वाला उदाहरण दिया है। उन्होंने कहा है कि भगवान शिव गरीबों के देव हैं और राम अमीरों के भगवान हैं। साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा है। भाजपा ने कहा है कि रेड्डी अब भगवानों के बीच लकीर खींच रहे हैं।
सोमवार को रेड्डी ने कहा, 'भाजपा ने भगवान राम को हथिया लिया है, जिन्हें उत्तर में पूजा जाता है, जबकि दक्षिणी राज्यों में शिव की पूजा होती है।' उन्होंने कहा, 'हम द्रविड़ हैं। यहां (उत्तर भारत में) लोग आर्य हैं। हम भगवान शिव के भक्त हैं और ये भगवान राम के भक्त हैं। भाजपा ने राम को हथिया लिया। यह भावना और आस्था से जुड़ा विषय है।'
केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि पहले 'कांग्रेस का मतलब मुस्लिम और मुस्लिम का मतलब कांग्रेस' कहने वाले रेवंत रेड्डी अब भगवान राम और भगवान शिव के बीच राजनीतिक विभाजन की रेखा खींच रहे हैं।
'भाजपा क्यों नहीं कहती हर-हर महादेव'
दरअसल, पूछा गया था कि कांग्रेस दक्षिण की तरह उत्तर, पूर्व में खास लोकप्रिय क्यों नहीं है। उन्होंने कहा, 'मोदी जी 'हर हर महादेव' क्यों नहीं कहते? क्या भाजपा के लोगों ने कभी मंच से 'हर हर महादेव' कहा है? वे केवल 'जय श्री राम' कहते हैं। जब हम 'हर हर महादेव' कहते हैं, तो उन्हें यह पसंद नहीं आता।' रेड्डी ने दावा किया कि 'शिव गरीबों के भगवान हैं, राम अमीरों के भगवान हैं और भाजपा अमीरों की पार्टी है।'
SIR के खिलाफ अभियान की तैयारी
रेड्डी ने भारत निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया एसआईआर के खिलाफ विपक्षी नेताओं को एकजुट होने की सलाह दी है। साथ ही कहा है कि इसके खिलाफ साइमन गो बैक जैसा आंदोलन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि साइमन गो बैक आंदोलन की तरह ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे और एमके स्टालिन समेत विपक्षी दलों के नेताओं को एकजुट होकर 'एसआईआर गो बैक' आंदोलन चलाना होगा।
कांग्रेस ले सकती है बड़ा फैसला
मंगलवार को कांग्रेस कार्यसमिति यानी CWC की बैठक होने जा रही है। खास बात है कि यह बैठक ऐसे समय पर हो रही है, जब एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है। कहा जा रहा है कि इस बैठक के दौरान कांग्रेस आंदोलन की शुरुआत करने या सुप्रीम कोर्ट जाने समेत कई अहम फैसले ले सकती है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया।
कांग्रेस ने सोमवार को देशभर में प्रदर्शन किए। इस दौरान जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राजस्थान कांग्रेस प्रमुख गोविंद डोटासरा समेत पार्टी के कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। वामपंथी दलों ने पटना में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रीनगर और लखनऊ सहित अन्य जगहों पर भी प्रदर्शन किए। लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हमारा विरोध देशव्यापी है।
इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार को सरकारी गवाह बनने की सलाह दी थी।
बड़ा विवाद
हाल ही में इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि निर्वाचन आयोग में फैसलों को लेकर कई मौकों पर दो चुनाव आयुक्तों ने मुख्य आयुक्त के सामने असहमति जताई थी, लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। साथ ही एसआईआर पर भी सवाल उठाए गए थे। बाद में आयोग ने जवाब दिया था कि सारे फैसले अधिकारियों की सहमति से लिए गए थे।


