
इतना सुरक्षित भी नहीं है, जितना... तेजस फाइटर जेट क्रैश पर पूर्व विंग कमांडर
दुबई एयर शो में क्रैश हुए तेजस फाइटर जेट को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व विंग कमांडर प्रफुल्ल बख्शी ने कहा कि फाइटर जेट को उड़ाना उतना भी आसान नहीं होता है, जितना किताबों में बताया जाता है। इस घटना के पीछे कई वजह हो सकती हैं।
दुबई एयर शो में क्रैश हुए भारतीय लड़ाकू विमान तेजस पर अब दुनियाभर की निगाहें हैं। इस दुर्घटना में पायलट की भी जान चली गई है। सोशल मीडिया पर इसकी वीडियो वायरल हो रही है कि कैसे करतब दिखाता हुआ यह विमान अचानक से जमीन पर आकर एक आग के गोले में तब्दील हो गया। इसके बाद आसमान में एक काले धुंए का गुबार उठा दिखाई दिया। इस घटना के बाद पूरे देश का यही सवाल है कि आखिर यह घटना हुई कैसे?

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व वायुसेना अधिकारी और रक्षा विशेषज्ञ विंग कमांडर (रिटा.) प्रफुल्ल बक्शी ने कहा कि लड़ाकू विमान उतने भी सुरक्षित और आसान नहीं है, जितना किताबों में दिखाया जाता है। उन्होंने कहा, "मैं फिलहाल इस घटना के बारे में उतना ही जानता हूं, जितना खबरों में दिखाया गया है। हमें पायलट की मौत की भी दुर्भाग्यपूर्ण खबर मिली है।"
दुर्घटना के संभावित कारणों पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "लड़ाकू विमान फ्लाइट दुर्घटनाओं के कई कारण हो सकते हैं। यह इतना भी आसान नहीं है, जितना किताबों में दिखाया जाता है। इसमें जोखिम होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी हमेशा बनी रहती है।" इसके बाद उन्होंने दुर्घटना की कई वजहों पर भी बात की।
उन्होंने कहा, "इंजन फेल हो सकता है, कंट्रोल जाम हो सकते हैं या कोई तकनीकि समस्या आ सकती है। पायलट और विमान दोनों पर ही बहुत दबाव होता है, जिन लोगों को कोई स्वास्थ्य समस्या होती है, वह कॉकपिट में बैठते ही नहीं है।"
पायलटों के साहस को बताते हुए उन्होंने कहा कि हमारे पायलट अपनी जान जोखिम में डालकर काम करते हैं। ऐसे में इस घटना की जांच की जानी चाहिए और आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए।
आपको बता दें आज दोपहर में दुबई एयर शो में करतब दिखाने के दौरान हुए इस हादसे में पायलट की भी मौत हो गई है। वायुसेना की तरफ से जारी बयान में इस बात की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही इस दुर्घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए भी कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित करने की बात कही गई है।





