
शादी के लिए बार-बार कह रही थी पार्टनर, आशिक ने हत्या करके खेत में गाड़ दी लाश; 2 साल से था संबंध
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। महिला बार-बार उससे शादी करने की जिद कर रही थी, जिससे हत्या की घटना हुई। सोनिया और मोहन कुमार की मुलाकात 2 साल पहले गारमेंट फैक्ट्री में काम करते हुए हुई थी।
तमिलनाडु के इरोड जिले में 35 वर्षीय महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस केस में 27 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके साथ महिला का प्रेम संबंध था। पुलिस टीम ने गोबिचेट्टीपालायम कस्बे के पास खेत में तीन फुट गहरे गड्ढे से महिला का शव बरामद किया। बारिश के बाद मशरूम इकट्ठा करने आए स्थानीय लोगों ने मिट्टी से बाहर निकले खून से सने चाकू और बालों की लटें देखी थीं, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

पीड़िता की पहचान अप्पाकुडल कस्बे की ब्यूटीशियन सोनिया के रूप में हुई है। वह 2 नवंबर से लापता थी। काम से घर न लौटने पर उसके परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। सोनिया पिछले 2 वर्षों से विधवा थी और अपने स्कूल जाने वाले बेटे, बेटी और मां के साथ रहती थी। जांच में कॉल रिकॉर्ड्स से उसके और आरोपी मोहन कुमार के बीच संबंध सामने आए। मोहन कुमार बी. कॉम ग्रेजुएट है। वह उसी केले के बागान का मालिक है जहां शव मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
2 साल से संबंध में थे दोनों
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। उन्होंने कहा, 'महिला बार-बार उससे शादी करने की जिद कर रही थी, जिससे हत्या की घटना हुई।' सूत्रों के अनुसार, सोनिया और मोहन कुमार की मुलाकात 2 साल पहले गारमेंट फैक्ट्री में काम करते हुए हुई थी। समय के साथ उनका संबंध गहरा हो गया और वे अक्सर उसके खेत पर मिलते थे। अपराध के दिन मोहन कुमार ने अपने खेत में गड्ढा खोदा और शाम करीब 8 बजे सोनिया को वहां बुलाया। साथ समय बिताने के बाद उसने उस पर पत्थर से हमला कर दिया और छोटे चाकू से गले पर अटैक करके हत्या कर दी। फिर शव दफना दिया और उसका फोन व कपड़े भवानी नहर के पास फेंक दिए।





