बीच भाषण अचानक सीटी क्यों बजाने लगे CM थलपति विजय; जन्माष्टमी, क्रिसमस और बकरीद की भी चर्चा
6 अक्टूबर को होने वाले धारापुरम उपचुनाव के लिए TVK की उम्मीदवार पी. सत्यभामा बुधवार को सत्ताधारी पार्टी में शामिल होने के अपने फैसले का बचाव करते हुए भावुक हो गईं। इस दौरान मुख्यमंत्री थलपति विजय ने उनके कंधों पर धीरे से थपथपाकर उन्हें सांत्वना दी।

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक थलपति विजय ने आज (बुधवार, 30 सितंबर को) मुख्य विपक्षी दल 'द्रविड़ मुनेत्र कषगम' (DMK) पर अपना हमला तेज कर दिया और प्रमुख द्रविड़ पार्टी 'ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम' (AIADNK) पर अपने दिग्गज नेताओं एमजी रामचंद्रन (एमजीआर) और जे जयललिता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री विजय ने 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव से संबंधित एक जनसभा को संबोधित करते हुए एक बार फिर द्रमुक को एक 'दुष्ट शक्ति' बताया और अपनी पार्टी की प्रत्याशी पी. सत्यभामा के लिए वोट मांगे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अन्नाद्रमुक और द्रमुक को करारा सबक सिखाएं, जिन्होंने मिलकर साजिश रची और टीवीके की सरकार बनाने की कोशिशों को नाकाम करने का प्रयास किया। विजय ने कहा कि अन्नाद्रमुक या द्रमुक में से किसी को भी वोट देने से कोई फ़र्क नहीं पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियां एक जैसी ही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियां बाहर से तो दिखावा करती हैं, लेकिन उनके बीच अंदरूनी सांठगांठ है।
टीवीके सभी धर्मों को समान मानती है
विजय ने कहा कि टीवीके सरकार अपने वादे पूरे कर रही है और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं का ज़िक्र किया, जिसमें हाल में शुरू की गई नवजात शिशुओं के लिए सोने की अंगूठी देने की योजना भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण के दौरान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, क्रिसमस और बकरीद जैसे त्योहारों का उल्लेख किया और कहा कि उनकी पार्टी टीवीके सभी धर्मों को समान मानती है और सभी धर्मों के इन त्योहारों के मौकों पर लोगों को बधाई देगी।
सीटी उनकी पार्टी का चुनाव चिह्न
अन्नाद्रमुक के विधायकों (जैसे टीवीके की धारापुरम उपचुनाव उम्मीदवार सत्यभामा) के टीवीके में शामिल होने पर अपनी पार्टी पर लगे खरीद-फरोख्त के आरोपों को खारिज करते हुए, विजय ने कहा कि सत्यभामा ने टीवीके में शामिल होने से पहले ही AIADMK विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। उनसे पहले जब चुनाव प्रत्याशी सत्यभामा सभा को संबोधित कर रही थीं तो वो भावुक हो गईं। उस समय मुख्यमंत्री भी भावुक दिखे। हालांकि, उन्होंने सत्यभामा के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें ढांढ़स बंधाया। भाषण के बीच CM विजय को सीटी भी बजाते देखा गया। दरअसल, सीटी उनकी पार्टी का चुनाव चिह्न है।
लोगों ने फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं
इससे पहले, कोयंबटूर पहुंचने के बाद विजय सड़क मार्ग से तिरुप्पुर ज़िले के धारापुरम गए। कारवां में उनकी यात्रा अचानक एक रोड शो में बदल गई; पार्टी समर्थक और आम लोग सड़क के दोनों ओर उनका स्वागत करने और विजय की एक झलक पाने के लिए जमा हो गए। रास्ते में लोगों ने उनपर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं और उन्हें तोहफ़े भी दिए तथा ऐसे मौकों पर उनका काफ़िला थोड़ी देर के लिए रुकता रहा। पुलिस के मुताबिक, बैठक के लिए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे और लगभग 3,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। टीवीके ने कहा था कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश सिर्फ़ क्यूआर कोड पास से ही होगा और इसमें शामिल होने वालों की संख्या 5,000 तक सीमित रखी गई थी। (भाषा इनपुट्स के साथ)


