तमिलनाडुः ऐक्टर विजय की TVK ने किया उम्मीदवारों का ऐलान; खुद दो सीटों से लड़ेंगे चुनाव
अभिनेता से राजनेता बने विजय की टीवीके ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 234 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। ऐक्टर विजय खुद दो सीटों पर चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। वह पहली बार चुनाव लड़ेंगे।

तमिलनाडु विधानसभा के लिए अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) चीफ विजय ने सभी 234 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। विजय खुद दो सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। वह त्रीची ईस्ट और परंबूर से चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। पार्टी महासचिव एन आनंद को टी नगर से टिकट मिला है।
टीवीके प्रमुख विजय ने पार्टी उम्मीदवारों का परिचय कराते हुए कहा, हमने उन लोगों को चुना है जो जनता के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि द्रमुक के नेतृत्व वाला गठबंधन सिर्फ एक जोड़तोड़ है। इस बार मुकाबला टीवीके के जन गठबंधन और 'स्टालिन सर गठबंधन' के बीच मुकाबला है। इस मौके पर टीवीके प्रमुख विजय ने युवाओं के लिए 'गारंटी' की घोषणा की; तमिलनाडु को नशामुक्त बनाने के लिए कदम उठाने एवं बिना गारंटी के ऋण देने का वादा किया।
विजय का पूरा नाम 'सी जोसेफ विजय' है। उन्होंने कहा कि चेन्नई के पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व से वह पार्टी के उम्मीदवार होंगे। यहां पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने अन्य सीट के लिए भी उम्मीदवारों के नाम बताए जिसमें उनकी कोर टीम के सभी प्रमुख सदस्यों को सूची में जगह मिली। राज्य में विधानसभा की 234 सीट के लिए चुनाव 23 अप्रैल को होंगे। पार्टी प्रमुख विजय ने वरिष्ठ पार्टी नेताओं और अपनी आतंरिक टीम के सदस्यों - एन आनंद, आधव अर्जुन, आर अरुणराज, सीटीआर निर्मल कुमार और के. ए. सेंग्कोट्टैयान को टी. नगर, विल्लीवाक्कम, गोबिचेट्टीपलयम और तिरुप्परनकुंड्रम सहित अन्य सीट के लिए तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के उम्मीदवारों के रूप में नामित किया है।
युवाओं के लिए अपने एजेंडा को विजय ने ''गारंटी'' बताया। विजय ने इसके अलावा तमिलनाडु को नशामुक्त बनाने, कक्षा 12 से पीएचडी तक 20 लाख रुपये तक बिना गिरवी के ऋण की गारंटी का वादा किया है।
एक दिन पहले ही विजय ने कहा था कि उनके चुनाव प्रचार में बाधा डाली जा रही है। विजय ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच शनिवार से यहां शुरू होने वाले पार्टी के चुनाव प्रचार के लिए पहले पुलिस ने अनुमति दी लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया जिसके कारण उन्हें अपना अभियान स्थगित करना पड़ा।
विजय सितंबर 2025 में करूर की दुखद भगदड़ में 41 लोगों की जान जाने के बाद से ही सार्वजनिक चकाचौंध से दूर थे। अब वह पूरी ताकत के साथ वापसी कर रहे हैं और सभी 234 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के लिए अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को एकजुट कर रहे हैं। वह आज पेरम्बूर में बैठकें करने के बाद कोलाथुर, विल्लीवक्कम, अन्नानगर और विरुगंबाक्कम निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार करने वाले थे। कोलाथुर वही सीट है जहां से द्रमुक अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने 2011, 2016 और 2021 के चुनावों में जीत की हैट्रिक बनाई है और अब वे लगातार चौथी जीत की तैयारी में हैं।
लेखक के बारे में
Ankit Ojhaविद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।
अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।
और पढ़ें

