कांग्रेस ने पीठ में घोंपा छुरा, INDIA गठबंधन टूटा; तमिलनाडु में विजय की TVK को सपोर्ट पर DMK
तमिलनाडु की राजनीति में गुरुवार को बड़ा भूचाल आ गया। डीएमके ने कांग्रेस पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए औपचारिक रूप से घोषणा कर दी कि दोनों पार्टियों के बीच लंबे समय से चला आ रहा गठबंधन पूरी तरह टूट गया है और इंडिया ब्लॉक भी समाप्त हो गया है।

तमिलनाडु की राजनीति में गुरुवार को बड़ा भूचाल आ गया। डीएमके ने कांग्रेस पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए औपचारिक रूप से घोषणा कर दी कि दोनों पार्टियों के बीच लंबे समय से चला आ रहा गठबंधन पूरी तरह टूट गया है और इंडिया ब्लॉक भी समाप्त हो गया है। कांग्रेस ने डीएमके को धोखा देते हुए अभिनेता-राजनेता विजय की तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) का साथ देने का फैसला किया है। विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत न मिलने की स्थिति में कांग्रेस ने टीवीके के साथ मिलकर सरकार बनाने का रास्ता चुना है।
डीएमके का तीखा हमला
डीएमके के वरिष्ठ नेता टीकेएस एलंगोवन ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इंडिया ब्लॉक अब खत्म हो गया है। कांग्रेस ने अपने लंबे सहयोगी के साथ पीठ में छुरा घोंपा है। डीएमके विधायकों की अहम बैठक में पार्टी ने चार प्रस्ताव पारित किए। इनमें कांग्रेस के कदम की कड़ी निंदा की गई और कहा गया कि भाजपा जिस तरह दूसरे राज्यों में करता है, ठीक वैसा ही कांग्रेस ने तमिलनाडु में डीएमके के साथ किया है। बैठक में एमके स्टालिन को बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार तत्काल राजनीतिक और प्रशासनिक फैसले लेने का पूरा अधिकार दे दिया गया। पार्टी ने स्पष्ट किया कि वामपंथी दल (सीपीआई, सीपीआई-एम) और विदुथलाई चिरुथाइगल काची (VCK) अब अपने फैसले खुद लेंगे। डीएमके उन्हें किसी भी फैसले के लिए मजबूर नहीं करेगा।
बचाव में कांग्रेस क्या बोली?
दूसरी ओर, कांग्रेस ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि वह जनादेश का सम्मान कर रही है। पार्टी का कहना है कि धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने और भाजपा व उसके सहयोगी सांप्रदायिक ताकतों को सत्ता से दूर रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। बता दें कि इस फैसले से कांग्रेस को 1967 के बाद तमिलनाडु में पहली बार सत्ता साझेदारी का मौका मिला है।
राज्यपाल ने विजय का दावा किया खारिज
इससे पहले गुरुवार सुबह तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने लगातार दूसरे दिन टीवीके नेता विजय के सरकार बनाने के दावे को खारिज कर दिया। विजय ने राज्यपाल से मुलाकात की, लेकिन उन्हें 118 विधायकों का लिखित समर्थन लेकर आने को कहा गया। राज्यपाल ने आश्वासन दिया कि वे किसी अन्य दल को सरकार बनाने का न्योता नहीं देंगे। बता दें कि विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 10 मई को समाप्त हो रहा है।
तमिलनाडु में सीटों का गणित
- टीवीके : 108 सीटें
- कांग्रेस : 5 सीटें
- आईयूएमएल, सीपीआई, सीपीआई(एम), वीसीके : 2-2 सीटें
अगर वामपंथी दल, वीसीके और आईयूएमएल टीवीके-कांग्रेस गठबंधन के साथ आ जाते हैं तो बहुमत का आंकड़ा (118) आसानी से पार हो जाएगा। बताया जा रहा है कि लेफ्ट पार्टियां शुक्रवार को अपना रुख स्पष्ट कर सकती हैं। वहीं वीसीके और आईयूएमएल को लेकर अभी भी संशय बरकरार है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें


