सूटकेस में मिली बिना सिर की कटी लाश! CCTV ने खोली तमिलनाडु एक्सप्रेस मर्डर मिस्ट्री
घटना 6 अगस्त की है, जब चेन्नई सेंट्रल से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस आगरा स्टेशन पहुंची। ट्रेन के जनरल कोच से भयंकर बदबू आने पर यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में लाल रंग के सूटकेस के भीतर टुकड़ों में कटी महिला की बिना सिर वाली लाश मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आगरा रेलवे पुलिस और तमिलनाडु पुलिस की संयुक्त जांच में इस खौफनाक हत्याकांड के तार चेन्नई के पास स्थित गुडुवनचेरी के एक किराए के मकान से जुड़ते नजर आ रहे हैं।
घटना 6 अगस्त की है, जब चेन्नई सेंट्रल से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस आगरा स्टेशन पहुंची। ट्रेन के जनरल कोच से भयंकर बदबू आने पर यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने जब डिब्बे में रखे एक बड़े लाल रंग के ट्रॉली सूटकेस को खोलकर देखा, तो उसमें एक महिला का सिरकटा और कई टुकड़ों में कटा हुआ शव बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज किया था।
200 से ज्यादा CCTV कैमरों ने खोला राज
आगरा रेलवे पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों के 200 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में एक मध्यम उम्र का पुरुष और एक महिला वही लाल सूटकेस लेकर चेन्नई सेंट्रल पहुंचते दिखे।
आरोपियों ने चालाकी से सूटकेस को तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में रख दिया और ट्रेन खुलने से ठीक पहले चुपचाप नीचे उतर गए।
स्टेशन से निकलकर दोनों चेन्नई पार्क रेलवे स्टेशन गए, वहां से इलेक्ट्रिक ट्रेन पकड़कर गुडुवनचेरी पहुंचे और फिर ऑटो रिक्शा लेकर एक इलाके में चले गए।
मस्जिद स्ट्रीट का वो बंद मकान...
सीसीटीवी ट्रेल का पीछा करते हुए पुलिस गुडुवनचेरी की 'मस्जिद स्ट्रीट' स्थित एक किराए के मकान तक पहुंची। जब पुलिस वहां पहुंची तो मकान पर ताला लगा हुआ था। ताला तोड़कर जब तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए।
स्थानीय जांच में पता चला है कि ओडिशा के रहने वाले दो महिलाएं और एक पुरुष कुछ दिन पहले ही यह मकान किराए पर लेकर रहने आए थे और अचानक गायब हो गए।
पुलिस को घर के भीतर से ऐसे कई ठोस सुराग मिले हैं, जो इशारा करते हैं कि महिला की हत्या कर उसके शरीर के टुकड़े इसी कमरे में किए गए थे।
अब भी कई सवाल बरकरार
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गायब हुई दो महिलाओं में से ही कोई एक मृतका है या नहीं।
मृतका का कटा हुआ सिर अभी तक बरामद नहीं हो सका है, जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित करने में दिक्कत आ रही है।
संदिग्धों की तस्वीरें स्थानीय लोगों को दिखाकर उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।
क्योंकि अपराध का मुख्य स्थान तांबरम सिटी पुलिस कमिश्नरेट के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए आगे की विस्तृत जांच के लिए यह मामला तमिलनाडु पुलिस को सौंपा जा सकता है।


