'भाजपा की फोटोकॉपी है TVK' CM थलपति विजय की पार्टी के किस ऐक्शन से भड़के स्टालिन

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

CM Vijay Thalapathy: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय के ऊपर स्टालिन ने जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि TVK तमिलनाडु में भाजपा की फोटोकॉपी की तरह काम कर रही है। वह विपक्षी विधायकों की खरीदारी करके दूसरी पार्टियों को कमजोर कर रही है।

'भाजपा की फोटोकॉपी है TVK' CM थलपति विजय की पार्टी के किस ऐक्शन से भड़के स्टालिन

Tamil Nadu CM Vijay Thalapathy: तमिलनाडु में ऐतिहासिक जीत हासिल करके सत्ता में आए थलपति विजय लगातार विपक्ष के निशाने पर बने हुए हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके नेता स्टालिन ने आरोप लगाया कि तमिलझा वेत्री कड़गम (TVK) तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की फोटोकॉपी की तरह काम कर रही है। स्टालिन ने दावा किया कि विपक्ष को कमजोर करने के लिए मुख्यमंत्री विजय की नई नवेली पार्टी एआईएडीएमके विधायकों की खरीदारी कर रही है। बता दें, हाल के दिनों में बड़ी संख्या में एआईएडीएमके के कार्यकर्ता और नेताओं ने विजय की पार्टी का दामन थामा है।

डीएमके की महिला विंग को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने थलपति विजय पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ठीक उसी मॉडल पर काम कर रही है, जिस मॉडल पर भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर कर रही है। उन्होंने कहा कि जैसे भाजपा विपक्षी विधायकों को अपनी तरफ करके सामने वाली पार्टी को कमजोर कर देती है, ठीक उसी तरह टीवीके भी विधायकों की खरीदारी कर रही है।

उन्होंने कहा, "टीवीके नेता विजय एआईएडीएमके विधायकों की खरीदारी में लगे हुए हैं। उन्हें अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर बिलकुल भी भरोसा नहीं है। विजय वही कर रहे हैं, जो भाजपा अन्य राज्यों में कर रही है। विजय भाजपा की फोटोकॉपी की तरह हैं। लोगों के हाथों से स्याही का निशान अभी मिटा भी नहीं था और यह विधायक इस्तीफा देकर टीवीके में शामिल हो गए। क्या विजय सीबीआई जांच से बचने के लिए दिल्ली गए थे?"

लगातार नेताओं को पार्टी में जोड़ रहे विजय थलपति

गौरतलब है कि स्टालिन का यह विजय के ऊपर यह हमला ऐसे समय में आया है जब राज्य की राजनीति में लगातार दल-बदल चल रहा है। कई नेता अन्नामलाई के साथ जुड़ रहे हैं तो कई विजय की टीवीके में शामिल हो रहे हैं। पिछले दो दिनों में 2500 से ज्यादा नेता कार्यकर्ता टीवीके में शामिल हुए हैं। इनमें एआईएडीएमके के पूर्व मंत्री, सांसद और विधायक के. टी. पचईमल, भाजपा नेता एस. विजयधरनी, तिरुनेलवेली की पूर्व मेयर ई. भुवनेश्वरी. एआईएडीएमके से पूर्व सांसद आर. वनरोजा, एन. बालगंगा और ए. इलावरसन इसके अलावा इसी पार्टी के पूर्व विधायक एस. रवि और एस. मुरुगसेन भी विजय के खेमे में आ गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में बड़ी राजनीतिक हस्तियों के पार्टी में शामिल होने से विजय की ताकत को बढ़ी है, लेकिन वह विपक्षी पार्टियों के निशाने पर आ गए हैं।

यौन अपराधी हैं टीवीके कार्यकर्ता: स्टालिन

विजय की पार्टी पर लगातार हमला कर रहे स्टालिन ने श्रीवैकुंटम के यौन अपराध मामले को हाईलाइट करते हुए विजय की पार्टी के कार्यकर्ताओं को यौन अपराधी करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विजय की पार्टी के कार्यकर्ता बच्चियों और महिलाओं के साथ यौन अपराध में शामिल हैं। उन्होंने कहा, "अब तमिलनाडु के वे मतदाता जिन्होंने टीवीके को वोट दिया था। वह सोच रहे हैं कि आखिर हमने इन्हें वोट क्यों दिया। इस सरकार में अपराध बढ़ गए हैं। हर समाचर चैनल पर गंभीर अपराधों की खबरें दिखाई दे रही हैं। हाल की एक घटना में श्रीवैकुंटम में सत्तारुढ़ दल का एक कार्यकर्ता स्वयं यौन उत्पीड़न में शामिल पाया गया है।

बता दें, अभिनेता से नेता बने थलपति विजय ने डीएमके को केवल सत्ता से बाहर नहीं किया। बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में कांग्रेस के साथ मिलकर उसका विकल्प बनने की कोशिश की है। इतना ही नहीं राज्य की अन्य छोटी पार्टियां जो कभी डीएमके के साथ सत्ता में हिस्सा थीं आज वह विजय के साथ हैं। ऐसे में राज्य में विजय सीधे स्टालिन के निशाने पर आ गए हैं। हालांकि, विजय भी राज्य में केवल स्टालिन को ही अपना विपक्षी मानते हैं। वह कई बार अपनी रैलियों में भी कह चुके हैं कि तमिलनाडु में अब केवल दो ही पक्ष हैं एक तरफ टीवीके है और दूसरी तरफ डीएमके है।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें