तमिलनाडु CM विजय की मुश्किलें बढ़ीं, CBI जांच की मांग; सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर
सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है, जिसमें विजय के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा जीते गए विश्वास मत में कथित खरीद-फरोख्त और भ्रष्टाचार को लेकर सीबीआई जांच की मांग की गई।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है, जिसमें विजय के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा जीते गए विश्वास मत में कथित खरीद-फरोख्त और भ्रष्टाचार को लेकर सीबीआई जांच की मांग की गई। याचिका में कहा गया है कि जब तक जांच न पूरी हो जाए, तब तक तमिलनाडु में राष्ट्रपति शासन लागू रहे।
बार एंड बेंच के अनुसार, यह पीआईएल चेन्नई के रहने वाले केके रमेश ने दायर की है। इसमें उन्होंने विजय के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की है। याचिका में भारत संघ, सीबीआई और तमिलनाडु सरकार को पक्षकार बनाया गया है। अर्जी में कहा गया है कि तमिलनाडु में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी तो बनी, लेकिन उसके पास पर्याप्त नंबर नहीं थे, जिससे एक स्थिर सरकार बन सके।
याचिका में कहा गया कि विधानसभा में लोकतांत्रिक तरीके से फ्लोर टेस्ट नहीं हुआ और विधायकों को काफी पैसे दिए गए। उनके साथ समझौते किए गए। कहा गया, ''दूसरे दल के कुछ विधायकों ने पैसों और दूसरे फायदे के लिए पार्टी के व्हिप का उल्लंघन किया।''यह एआईएडीएमके विधायकों के लिए कहा गया है, क्योंकि 25 विधायकों ने व्हिप का उल्लंघन करते हुए टीवीके को वोट दिया है। याचिकाकर्ता ने मांग की है कि चूंकि यह सबकुछ गैर कानूनी तरीके से हुए, इसलिए विधानसभा को भंग करके मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी जानी चाहिए।
बता दें कि चार मई को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आए थे, जिसमें पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही विजय की पार्टी टीवीके ने चौंका दिया था। टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनते हुए 108 सीटें जीती थीं। इसके बाद, कांग्रेस, वीसीके, वामपंथी दलों ने समर्थन देने का ऐलान किया, जिसके बाद विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
इसके बाद जब तमिलनाडु विधानसभा में विजय ने बहुमत साबित किया तो सभी हैरान रह गए। दरअसल, एआईएमडीएके में बड़ी फूट देखने को मिली और 25 विधायकों ने टीवीके को समर्थन दे दिया। इसकी मदद से टीवीके गठबंधन को 144 का आंकड़ा हासिल कर लिया, जिससे बहुमत साबित करने में काफी आसानी हुई।
मंत्रिमंडल में शामिल होने को आमंत्रित किया
वहीं, तमिलनाडु के लोक निर्माण एवं खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन ने बुधवार को कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल होने की पेशकश की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय चाहते हैं कि मंत्रिमंडल कांग्रेस, वीसीके, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और आईयूएमएल जैसी पार्टियों के साथ "एक परिवार" की तरह काम करे, जिन्होंने सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। अर्जुन ने आरोप लगाया कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने सत्ता में आने के लिए आपस में गठबंधन करके टीवीके को सरकार बनाने से रोकने की कोशिश की है।
लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी वरिष्ठ पत्रकार हैं और मीडिया में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है।
परिचय, अनुभव एवं शिक्षा
वर्तमान में मदन हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। कुल एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं।
मीडिया में अवॉर्ड्स.
मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत एक दर्जन से ज्यादा पुरस्कार जीते हैं।
विशेषज्ञता
देश-विदेश की राजनीति पर गहरी पकड़
यूपी-बिहार समेत सभी राज्यों की खबरों को कवर करने का व्यापक अनुभव
विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव, संसद की कार्यवाही को लंबे समय से कवर किया
ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज, एनालिसिस स्टोरीज, एशिया, मिडिल ईस्ट, पश्चिमी देशों की खबरों को कवर करने का एक दशक से ज्यादा का एक्सपीरियंस


