थलपति विजय अगले PM बनेंगे, TVK बोली; साथी कांग्रेस ने उड़ाया फिल्म वाला मजाक
साल 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव में TVK यानी तमिलगा वेत्री कषगम मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय को प्रधानमंत्री उम्मीदवार बता रही है। वहीं, कांग्रेस ने अब इसे लेकर तंज कसा है कि उनकी पार्टी के बड़े फिल्म स्टार के इर्द गिर्द बनी है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय को उनकी पार्टी यानी तमिलगा वेत्री कषगम अगले प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में देख रही है। वहीं, कांग्रेस ने TVK की इन बातों का मजाक उड़ाया है और कहा है कि उनकी पार्टी एक बड़े मूवी स्टार के इर्द गिर्द बनी हुई है। खास बता है कि राजनीति में एंट्री से पहले बड़े अभिनेता थे। हाल ही में उनकी फिल्म जन नायकन रिलीज हुई थी।
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम का कहना है कि प्रधानमंत्री बनने के लिए 272 सांसदों का समर्थन चाहिए होता है। खास बात है कि पार्टी लगातार रायबरेली सांसद राहुल गांधी को ही विपक्ष के अगले पीएम उम्मीदवार के रूप में पेश कर रही है।
क्या बोली कांग्रेस
चिदंबरम ने कहा, 'भारत का प्रधानमंत्री बनने के लिए आपको 272 MPs का सपोर्ट चाहिए, कोई भी फॉर्मेशन या कोई भी पॉलिटिकल पार्टी जिसके पास 272 MPs का सपोर्ट हो और उस फॉर्मेशन का लीडर भारत का प्रधानमंत्री होगा। वे एक पॉलिटिकल पार्टी हैं, जो एक बहुत बड़े मूवी स्टार के आस-पास सेंटर्ड है। इसलिए वे अपने लीडर के लिए अपनी फैंटेसी, सपने, एम्बिशन, इच्छाएं रख सकते हैं।'
इससे पहले तमिलनाडु कांग्रेस प्रमुख मणिकम टैगोर ने कहा था, 'वे अभी भी फैन क्लब वाली सोच में हैं। जो लोग फैन क्लब वाली सोच में हैं, उन्हें बदला नहीं जा सकता। देश के राजनीतिक हालात से हर कोई वाकिफ है। गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरों की शक्तियां छीनने की कोशिश कर रहे हैं। हम बीजेपी से लड़ रहे हैं। उनका तरीका अलग है और हमारा तरीका अलग है...।'
दोहराया राहुल गांधी का नाम
22 अगस्त को टैगोर ने कहा था, 'हमारा मानना है कि यह तय करने का अधिकार राज्य के पास है कि टेक्निकल परीक्षाएं कैसे आयोजित की जाएं। हमारे नेता राहुल गांधी 2019 के घोषणापत्र में NEET-मुक्त तमिलनाडु के वादे के मुख्य सूत्रधार थे। राहुल गांधी ने वादा किया था कि जब दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो NEET नहीं होगा। राहुल गांधी के भारत के प्रधानमंत्री बनने से पहले ही तमिलनाडु को NEET से छूट मिलनी चाहिए और मेडिकल कॉलेजों में दाखिले का एकमात्र आधार 12वीं कक्षा की परीक्षा के अंक होने चाहिए।'
TVK ने किए थे ऐलान
तमिलनाडु सरकार में मंत्री एम शरतकुमार ने विजय को अगला पीएम बताया है। उन्होंने कहा, 'हमारे नेता, जो हमारे दिलों में, घरों और सेंट जॉर्ज फोर्ट में सीएम हैं। वह अगले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। आप बगैर एएम और पीएम देखे काम करते हैं। आप निश्चित रूप से अगले पीएम हैं।'
इससे पहले मंत्री आधव अर्जुन मांग कर चुके हैं कि प्रधानमंत्री दक्षिण भारतीय राज्य से होना चाहिए। उन्होंने कहा था, 'आज भी ऐसी स्थिति है कि पांच या छह उत्तरी राज्यों के एक साथ आने पर प्रधानमंत्री चुना जा सकता है। इस स्थिति को बदलना चाहिए। भविष्य में प्रधानमंत्री दक्षिणी राज्यों, तमिलनाडु से चुना जाना चाहिए।'


