तमिलनाडु CM बनने के बाद पहली बार सोनिया गांधी से मिले विजय, राहुल गांधी से भी मुलाकात

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब कांग्रेस पार्टी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर मुख्य विपक्षी गठबंधन INDIA को लगातार मजबूत करने की कोशिश में लगी हुई है।

तमिलनाडु CM बनने के बाद पहली बार सोनिया गांधी से मिले विजय, राहुल गांधी से भी मुलाकात

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय की सोनिया गांधी से यह पहली मुलाकात थी, जबकि राहुल गांधी उनकी शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। तमिलनाडु में ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाले थलापति विजय की कांग्रेस नेतृत्व के साथ यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब लोकसभा का मुख्य विपक्षी दल अपने गठबंधन को मजबूत करने में लगा हुआ है। विजय की वजह से तमिलनाडु में कांग्रेस की दशकों पुरानी साथी डीएमके नाराज चल रही है। ऐसे में राहुल और सोनिया गांधी की विजय से मुलाकात तमिल वेत्री कड़गम (TVK) के लिए INDIA गठबंधन के रास्ते खोल सकता है। हालांकि, विजय पहले ही कांग्रेस के प्रति अपना झुकाव प्रदर्शित कर चुके हैं। तमिलनाडु में वह कांग्रेस के साथ सत्ता में हैं इसके अलावा उन्होंने राज्यसभा की एक सीट भी कांग्रेस को दी है।

बता दें, इससे पहले मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार दिल्ली आए थलापति विजय प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद वापस चले गए थे। उस वक्त यह खबरें थीं कि वह राहुल गांधी और सोनिया गांधी के मुलाकात करेंगे, लेकिन तब ऐसा संभव नहीं हो पाया था। तब से लेकर अब तक कांग्रेस और टीवीके के बीच के रिश्ते और भी ज्यादा मजबूत हो चुके हैं। ऐसे में अब सीएम विजय राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात करने आए हैं।

INDIA गठबंधन को मजबूत करने की कोशिश में कांग्रेस

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय और कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी के बीच यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब मुख्य विपक्षी गठबंधन 'इंडिया ब्लॉक' लगातार अपनी स्थिति को मजबूत करने की कोशिश करता नजर आ रहा है। हालांकि, विजय को समर्थन देने के चक्कर में कांग्रेस से उसका दशकों पुराना साथी डीएमके छूट गया है। उसी कमी को पूरा करने के लिए कांग्रेस पार्टी टीवीके की तरफ देख रही है। हालांकि, अपना पहला चुनाव लड़कर ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाले विजय ने अभी तक इंडिया गठबंधन के लिए हामी नहीं भरी है। लेकिन कांग्रेस के प्रति उनका झुकाव सार्वजनिक है।

पहली बार चुनाव जीतकर सत्ता में आई विजय की पार्टी ने कांग्रेस के प्रति अपना आभार जताने के लिए उसके दो विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया है। इसके अलावा राज्य की एक राज्यसभा सीट भी कांग्रेस के नाम कर दी है। टीवीके के इन फैसलों को लेकर डीएमके का आरोप है कि विजय की पार्टी सीधे भाजपा से उलझने से कतरा रही है।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें