पीएम मोदी को धन्यवाद करके थलपति विजय ने किया 2047 के विकसित भारत का सपोर्ट, देश के आर्थिक हालात को भी सराहा
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलपति ने नीति आयोग की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने कई बड़ी मांगे रखीं। उन्होंने पीएम मोदी के विकसित भारत विजन 2047 का समर्थन किया। इसके साथ ही वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच में भारत की अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन को भी सराहा।

Tamil Nadu CM Thalapathy Vijay: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाले मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार को नीति आयोग की बैठक में भाग लिया। इस बैठक के दौरान विजय ने प्रधानमंत्री मोदी के सामने राज्य की स्थिति का ब्यौरा देते हुए भारत सरकार के 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इसके बाद अभिनेता से मुख्यमंत्री बने विजय ने प्रधानमंत्री के सामने कई बड़ी मांगे रखीं। इनमें इनफ्रास्ट्रक्चर से लेकर मछुआरों और युवाओं का सहयोग करना शामिल है। उन्होंने नीट मुद्दे पर भी डीएमके सरकार के रुख को ही अपनाया। कार्यकाल के पहले ही दिन महिलाओं के लिए फैसला लेने वाले विजय ने प्रधानमंत्री के राज्य में महिलाओं की बेहतर होती स्थिति पर भी बात की।
नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक के दौरान सीएम विजय ने प्रधानमंत्री के सामने खुलकर अपना भाषण दिया। प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद करते हुए विजय ने अपना भाषण शुरू किया और कहा कि तमिलनाजु राष्ट्र की आकांक्षाओं का पूरा समर्थन करता है। उन्होंने कहा, "तमिलनाडु पूरी ताकत के साथ इस बात को मानता है कि विकसित भारत का लक्ष्य ताकतवार राज्यों और सहकारी संघवाद के जरिए ही संभव है। तमिलनाडु की जनता ने हमारी सरकार को एक ऐतिहासिक जनादेश दिया है। हम केंद्र सरकार के साथ रचनात्मक रूप से कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं इसके साथ ही तमिलनाडु के हितों और आकांक्षाओं की रक्षा के लिए भी संकल्पित हैं।"
इसके बाद राज्य की आर्थिक हालात पर बात करते हुए थलपति विजय ने भारत की आर्थिक गति की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "वैश्विक अनिश्चितताओं के बाद भी भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। तमिलनाडु भी 2036 तक 1.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की तरफ आगे बढ़ रहा है। यह 2047 तक भारत के विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति भी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।"
CM विजय थलपति की प्रमुख मांगें...
युवाओं को सशक्त बनाना
प्रधानमंत्री के सामने अपने भाषण के दौरान विजय ने युवा शक्ति को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "भारत की सबसे बड़ी ताकत इसकी युवा शक्ति है। तमिलनाडु इस युवा शक्ति का उपयोग करने के लिए शिक्षा, स्किल, रिसर्च और रोजगार में लगातार निवेश कर रहा है। हम एआई स्किल पर भी काम कर रहे हैं। मैं केंद्र सरकार से अनुरोध करता हूं कि वह प्रत्येक जिले में उभरती हुई टेक्नोलॉजी कौशल केंद्रों की स्थापना में सहयोग करें। इसके अलावा पांच लाख युवाओं को एआई, डीप टेक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग और इलेक्ट्रिक वाहन टेक्नोलॉजी से जुड़े क्षेत्रों में प्रशिक्षित करने में सहायता प्रदान करें।"
इसके साथ ही मुख्यमंत्री थलपति विजय ने नीट परीक्षा को लेकर भी अपना विरोध दर्ज करवाया। उन्होंने राज्य की डीएमके सरकार के रुख को दोहराते हुए 12 के अंकों के आधार पर मेडीकल सीटें भरने देने का अनुरोध किया।
एम्स की मांग, गरीबों के आवास बनाने में मदद करें केंद्र: विजय
अपने भाषण के दौरान सीएम थलापति विजय ने कहा कि तमिलनाडु लगातार गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में काम कर रहा है। इसी क्रम में गरीब परिवारों की पहचान करने और उन्हें आजीविका प्रदान करने में राज्य लगातार काम कर रहा है। विजय ने केंद्र सरकार से गरीबों को आवास देने वाली योजना में सहयोग करने का अनुरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने कोयंबटूर के लिए लिए तमिलनाडु के दूसरे एम्स की भी मांग की।
भारत की फैक्ट्रियों में काम करने वाली 42 फीसदी महिलाएं तमिलनाडु से: विजय
सीएम विजय ने तमिलनाडु में महिला नेतृत्व वाले विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक प्रगति लगातार बढ़ रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की फैक्ट्रियों में काम करने वाली महिलाओं की करीब 42 फीसदी आबादी तमिलनाडु से आती है। सरकार उनकी सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। इसके साथ ही विजय ने हाल ही में बनाए गए महिला विशेष कार्रवाई बल का भी जिक्र किया।
पाल्क खाड़ी में मछुआरों की सुरक्षा सुनिश्चित करे सरकार: विजय
प्रधानमंत्री मोदी के सामने थलपति विजय ने तमिलनाडु के मछुआरों को पाकिस्तान और श्रीलंका द्वारा गिरफ्तार किए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, “मैं भारत सरकार से आग्रह करता हूं कि वह पाल्क खाड़ी में भारतीय मछुआरों के अधिकारों की रक्षा करे और उनकी सुरक्षा की गारंटी दे। इसके साथ ही मैं अनुरोध करता हूं कि श्रीलंका और पाकिस्तान की जेलों में कैद तमिलनाडु के मछुआरों की रिहाई भी सुनिश्चित की जाए।”
रेल और सड़क परिवहन मंत्रालय से विजय की मांग
थलपति विजय ने राज्य की आर्थिक हालात को बेहतर बनाने के लिए सड़क और रेलवे के योगदान का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "तमिलनाडु के तीव्र विकास के लिए रेलवे और सड़कों का विकास आवश्यक है। इसलिए मैं सड़क परिवहन मंत्रालय और रेलवे मंत्रालय ने कुछ योजनाओं को स्वीकृति देने का अनुरोध करता हूं। इसमें चेंगलपट्टू से तिरुचि खंड हाई-वे को छह लेन करना, तिरुचि- जीयापुरम-करूर खंड हाईवे को छह लेन करना और करूर से लेकर कोयंबटूर को भी छह लेन करना शामिल है। इसके अलावा माधवरम से शोलावरम तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण। इसके अलावा चेन्नई से कन्याकुमारी तक हाई-वे कॉरिडोर का निर्माण को भी मंजूरी दी जाए।"
इन सब मामलों के अलावा थलपति विजय ने शिक्षा मंत्रालय से लंबित राशि, जी राम जी योजना के तहत मिलने वाले फंड और डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए भी नए फंड की मांग की।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें

