Hindi NewsIndia NewsTaliban delegation decided exclude women journalists media briefing Afghanistan Embassy

प्रेस कॉन्फ्रेंस से महिलाओं को रखा बाहर, कैसे दूतावास बना तालिबानी मंत्री का सुरक्षा कवच

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री और तालिबान नेता आमिर खान मुत्तकी के दौरे से पहले इन कर्मचारियों ने चार्ज डी'अफेयर्स (CDA) सईद मोहम्मद इब्राहिमखिल से अपील की थी। उनका कहा था कि तालिबान की ब्रीफिंग दूतावास में नहीं होनी चाहिए।

Niteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तानSun, 12 Oct 2025 08:37 AM
share Share
Follow Us on
प्रेस कॉन्फ्रेंस से महिलाओं को रखा बाहर, कैसे दूतावास बना तालिबानी मंत्री का सुरक्षा कवच

तालिबान प्रतिनिधिमंडल ने महिला पत्रकारों को शुक्रवार को मीडिया ब्रीफिंग से बाहर रखा। दूतावास के कर्मचारियों ने भी इस फैसले का कड़ा विरोध किया है। नई दिल्ली के चाणक्यपुरी डिप्लोमैटिक एन्क्लेव में शांतिपथ पर अफगानिस्तान दूतावास स्थित है। यहां लगभग 23 कर्मचारी हैं, जिनमें 6 अफगानी हैं। ये सभी पूर्ववर्ती इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ अफगानिस्तान के प्रतिनिधि हैं, जिसका नेतृत्व राष्ट्रपति अशरफ घनी ने किया था और अगस्त 2021 में देश छोड़कर भाग गए।

ये भी पढ़ें:हमने तो नहीं रोका, महिला पत्रकारों पर रोक से तालिबान ने भी झाड़ लिया पल्ला

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री और तालिबान नेता आमिर खान मुत्तकी के दौरे से पहले इन कर्मचारियों ने चार्ज डी'अफेयर्स (CDA) सईद मोहम्मद इब्राहिमखिल से अपील की थी। उनका कहा था कि तालिबान की ब्रीफिंग दूतावास में नहीं होनी चाहिए। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में एक सूत्र ने कहा, 'हमें पता था कि वे इस दूतावास को अमीरात घोषित करना चाहेंगे। हमारा झंडा उतारकर अपना झंडा लगाएंगे और महिलाओं को बाहर रखेंगे। इसलिए हम प्रेस कॉन्फ्रेंस को दूतावास में आयोजित करने के कदम का विरोध कर रहे थे। इसके बजाय उस पांच सितारा होटल का सुझाव दिया था जहां तालिबान प्रतिनिधिमंडल ठहरा हुआ है।'

दूतावास में पीसी को मंजूरी

विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि प्रेस वार्ता में उसकी कोई भूमिका नहीं थी। कुछ अधिकारियों ने दावा किया कि उन्होंने अफगान पक्ष को सुझाव दिया था कि महिला पत्रकारों को पीसी में शामिल किया जाए। सूत्रों के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने सीडीए को सहयोग करने और तालिबान को दूतावास में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने देने के लिए कहा था। इस तरह पीसी के लिए दूतावास को चुना गया, न कि कोई निजी परिसर। ऐसे में तालिबान ने वियना संधि के तहत दूतावास की राजनयिक क्षमता का उपयोग करके महिलाओं को बाहर रखा। एक सूत्र ने कहा, 'इससे उन्हें उन लोगों को रोकने की छूट मिल गई जिन्हें वे नहीं चाहते थे। शुरू में 12 लोगों की सूची थी, जिसे बाद में 16 कर दिया गया और इसमें सभी पुरुष थे।'

दूतावास के कर्मचारी भी खफा

दूतावास के एक कर्मचारी ने कहा, 'हम सभी जानते हैं कि अफगानिस्तान में उनका बर्ताव कैसा है। हमारे रिश्तेदारों और परिवारों की महिलाएं पिछले 4 साल से पीड़ित हैं। आज उन्होंने अफगानिस्तान का नाम कितना बदनाम कर दिया।' उन्होंने कहा कि सूची को लेकर हमसे बिल्कुल परामर्श नहीं किया गया। अगर हमें पता होता तो हम कभी भी महिला पत्रकारों के साथ भेदभाव नहीं करते। ध्यान देने वाली बात है कि दूतावास फिलहाल विवादित है। आधिकारिक तौर पर यह अभी तक तालिबान का दूतावास नहीं बना है, क्योंकि भारत सरकार ने औपचारिक रूप से तालिबान शासन को मान्यता नहीं दी है। सरकार ने तालिबान को दिल्ली में अपने राजनयिक लाने की इजाजत तब दी, जब मुत्तकी की विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ मुलाकात हुई।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।