CM शुभेंदु अधिकारी को मिली अभिषेक बनर्जी की संपत्तियों की लिस्ट, 2 दर्जन ठिकाने रडार पर

Nisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share

इस जांच के घेरे में लीप्स एंड बाउंड्स नाम की एक प्राइवेट कंपनी भी आई है, जिसका कनेक्शन अभिषेक बनर्जी से बताया जा रहा है। आरोप है कि यह कंपनी शिक्षक भर्ती घोटाले से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, अभिषेक ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है और इसे राजनीति से प्रेरित बताया है।

CM शुभेंदु अधिकारी को मिली अभिषेक बनर्जी की संपत्तियों की लिस्ट, 2 दर्जन ठिकाने रडार पर

तृणमूल कांग्रेस सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की संपत्तियों की जांच चल रही है। खबर है कि कोलकाता नगर निगम के अधिकारी अपने रिकॉर्ड्स खंगाल रहे हैं। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। वहीं, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अभिषेक से जुड़ी कंपनी लीप्स एंड बाउंड्स का जिक्र किया था। साथ ही इससे जुड़ी दो दर्जन कंपनियों की सूची मिलने का दावा किया था।

टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने बताया है कि KMC के इंजीनियर और अधिकारी बीते कुछ दिनों से उन संपत्तियों की पहचान करने में जुटे हुए हैं, जो अभिषेक बनर्जी या उनके परिवार के सदस्यों की हैं। केएमसी अधिकारियों ने रविवार को भी काम किया था।

कहां तक पहुंची जांच

अधिकारियों और इंजीनियरों को आदेश दिया गया है कि वे नगर निगम के प्रॉपर्टी रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच करें। उन्हें अभिषेक बनर्जी, उनके माता-पिता या उनकी कंपनी लीप्स एंड बाउंड्स से जुड़ी सभी संपत्तियों का पता लगाने के लिए कहा गया है। सूत्रों के हवाले से कहा गया कि यह काम पिछले हफ्ते ही शुरू हो चुका है।

दरअसल, इस जांच के घेरे में लीप्स एंड बाउंड्स नाम की एक प्राइवेट कंपनी भी आई है, जिसका कनेक्शन अभिषेक बनर्जी से बताया जा रहा है। आरोप है कि यह कंपनी शिक्षक भर्ती घोटाले से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, अभिषेक ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है और इसे राजनीति से प्रेरित बताया है।

CM शुभेंदु अधिकारी ने किया जिक्र

फाल्टा में भाजपा कार्यकर्ताओं की रैली को संबोधित करते हुए अधिकारी ने ने कहा कि उन्हें लीप्स एंड बाउंड्स नामक निजी कंपनी की संपत्तियों से संबंधित फाइल मिल गई हैं, जो कथित रूप से बनर्जी से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि जल्दी ही इनकी जांच शुरू की जाएगी।

उन्होंने कहा, 'मैंने कोलकाता नगर निगम से फाइल मांगी थीं और मुझे दक्षिण 24 परगना जिले के आमतला में स्थित लीप्स एंड बाउंड्स के एक आलीशान कार्यालय समेत 24 संपत्तियों का विवरण मिल गया है। अब मेरे पास भतीजे की संपत्तियों की सूची है और जल्द ही मैं उनकी जांच शुरू कराऊंगा।'

नक्शों की हो रही है जांच

रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने बताया कि सबसे पहले नगर निगम के एसेसमेंट डिपार्टमेंट ने अपने कागजातों को खंगाला। वहां से उन्होंने अभिषेक बनर्जी के नाम पर दर्ज संपत्तियों के पते और उनके मकान नंबर निकाले। इसके बाद, यह लिस्ट नगर निगम के ही भवन निर्माण विभाग को सौंप दी गई। अब इस विभाग ने अपने रिकॉर्ड्स चेक किए ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन संपत्तियों को बनाने के लिए सरकारी नक्शा पास कराया गया था या नहीं।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें