JU में लगे ‘कश्मीर की आजादी’ के नारे? शुभेंदु अधिकारी बोले- अब बोस की भाषा में करेंगे इलाज
पश्चिम बंगाल में जादवपुर विश्वविद्यालय को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने ‘कश्मीर मांगे आजादी’ और ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ जैसे नारों पर सख्त चेतावनी दी और कहा कि सरकार महात्मा गांधी नहीं, बोस की भाषा में जवाब देगी।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय () में ''देश विरोधी ताकतों'' के हिमायतियों का ''इलाज'' करना जरूरी हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर परिसर में 'कश्मीर मांगे आजादी' के नारे लगाए गए, तो सरकार महात्मा गांधी की नहीं बल्कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भाषा में जवाब देगी।
धीरेंद्र शास्त्री के पुतले जलाने वालों की गिरफ्तारी
शुभेंदु ने मांसाहार को लेकर बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के दिए गए बयान पर हालिया विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने कोलकाता पुलिस आयुक्त को निर्देश दिया है कि हाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान शास्त्री के पुतले जलाने वालों को गिरफ्तार किया जाए।
उन्होंने शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के अंतर-विश्वविद्यालय तबादले को सक्षम बनाने वाले एक संशोधन विधेयक को विधानसभा में पेश किए जाने के दौरान कहा कि इस प्रस्तावित कानून के जरिए ''तथाकथित पंडितों'' को नए स्थापित संस्थानों में भेजा जाएगा, जिससे उन नए संस्थानों को फायदा होगा।
जो खुश नहीं, वे अपनी नौकरी छोड़ दें- शुभेंदु
शुभेंदु ने कहा, ''यह विधेयक संस्थानों की स्वायत्तता और सरकार के प्रति जवाबदेही के बीच संतुलन बनाएगा... इससे पीएचडी पर्यवेक्षण और परियोजनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा... जो लोग इस विधेयक के प्रावधानों से खुश नहीं हैं, वे अपनी नौकरी छोड़ सकते हैं।''
अधिकारियों के अनुसार, विधेयक में मौजूदा 2017 के कानून की धारा 14ए में एक नया प्रावधान जोड़ने का प्रस्ताव है। इसके जरिए आवश्यकता पड़ने पर शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों का एक विश्वविद्यालय से दूसरे विश्वविद्यालय में तबादला किया जा सकेगा। उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने विधानसभा के विशेष सत्र में यह विधेयक पेश किया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसे 'महत्वपूर्ण और आवश्यक' करार दिया, साथ ही कहा कि इसका पारित होना 'ऐतिहासिक' होगा।
''टुकड़े-टुकड़े'' कर दिए जाएंगे
बंगाल के सीएम ने कहा कि जादवपुर विश्वविद्यालय को 1,300 करोड़ रुपये का अनुदान मिलेगा, लेकिन 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' का नारा लगाने वालों के ''टुकड़े-टुकड़े'' कर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने जादवपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति गोपाल सेन की 1970 में हुई हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो सरकार इस घटना की जांच के लिए एक समिति का गठन करेगी। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष को भगवा रंग का 'अनादर' करने के कारण पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी उपचुनावों में भी विपक्षी दलों की हार तय है।

