CBI करेगी शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी की हत्या की जांच, सात सदस्यीय टीम तैयार
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच सीबीआई ने अपने हाथ में ले ली है। अधिकारियों के मुताबिक सीबीआई ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच सीबीआई ने अपने हाथ में ले ली है। अधिकारियों के मुताबिक सीबीआई ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने जांच का जिम्मा संभाला है। सीबीआई ने दिल्ली के विशेष अपराध विभाग के एक डीआईजी के नेतृत्व में सात सदस्यीय विशेष जांच टीम का गठन किया है। इसमें एजेंसी की विभिन्न इकाइयों के कुछ बेहतरीन जांचकर्ता शामिल हैं।
ऐसे करेगी काम
सीबीआई की यह टीम कोलकाता के संयुक्त निदेशक को जानकारी देगी। उन्होंने बताया कि सीबीआई के कोलकाता जोन के अधिकारी भी जांच के लिए इस दल में शामिल होंगे। अधिकारियों के अनुसार, सीबीआई की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और उसने जांच शुरू कर दी है। प्रक्रिया के अनुसार सीबीआई राज्य पुलिस की प्राथमिकी को अपने मामले के रूप में पुनः दर्ज करती है, जो जांच का प्रारंभिक बिंदु बन जाता है फिर जांच स्वतंत्र रूप से की जाती है। इसके बाद सीबीआई सक्षम न्यायालय के समक्ष अंतिम रिपोर्ट दाखिल करती है, जो उसकी जांच के निष्कर्षों के आधार पर आरोपपत्र या मामले को बंद करने संबंधी याचिका हो सकती है।
अब तक क्या मिले हैं सुराग
पश्चिम बंगाल पुलिस ने रथ हत्याकांड के सिलसिले में सोमवार को उत्तर प्रदेश और बिहार से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी एक संदिग्ध द्वारा टोल प्लाजा पर किए गए यूपीआई लेन-देन से मिले सुरागों के आधार पर की गई। तीनों आरोपियों को रविवार को हिरासत में लिया गया और हत्या मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने उन्हें अगली सुबह गिरफ्तार कर लिया। तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग और अन्य सूचनाओं के आधार पर एसआईटी के सदस्यों को उत्तर प्रदेश और बिहार भेजा गया था।
जांच में अब तक क्या पता चला
एक अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई संदिग्ध कार हत्या से पहले बल्ली टोल प्लाजा से गुजरी थी। उन्होंने बताया कि कार में सवार एक व्यक्ति ने कथित तौर पर यूपीआई के माध्यम से टोल का भुगतान किया था। उन्होंने बताया कि तीनों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या, अवैध हथियार रखने, आपराधिक साजिश रचने और सबूतों को दबाने का आरोप लगाया गया है।
अब तक तीन गिरफ्तार
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो आरोपियों (मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य) को बिहार के बक्सर से हिरासत में लिया गया, जबकि तीसरे आरोपी राज सिंह को बलिया (उत्तर प्रदेश) से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद तीनों को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले पुलिस ने विक्की मौर्य की पहचान गलती से विशाल श्रीवास्तव के रूप में की थी और यह भी दावा किया था कि तीनों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था।
आठ लोग थे शामिल
अधिकारी ने बताया कि हत्या की साजिश और उसे अंजाम देने में कम से कम आठ लोग शामिल थे। उन्होंने कहा कि पुलिस का मानना है कि हमलावरों ने रथ को निशाना बनाने से पहले विस्तृत रेकी की थी। शुभेंदु के कार्यकारी सहायक रथ की पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के दो दिन बाद, छह मई को मध्यमग्राम में हत्या कर दी गई थी।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


