'सूर्यकांत इस्तीफा दो, आपका विकल्प ढूंढ़ लेंगे'; अब कांग्रेस ने CJI के खिलाफ खोल दिया मोर्चा?

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

कांग्रेस ने CJI सूर्यकांत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी कह रही है कि अगर कानून और व्यवस्था संभालना उनका काम नहीं है, तो वे इस्तीफा दे दें।

Congress
सीजेआई के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा

कांग्रेस ने CJI सूर्यकांत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी कह रही है कि अगर कानून और व्यवस्था संभालना उनका काम नहीं है, तो वे इस्तीफा दे दें। उनकी जगह कोई और व्यक्ति ढूंढ लिया जाएगा जो इसे संभाल सके। दरअसल, यह बयान CJI के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दिल्ली के हालिया विरोध प्रदर्शनों से बनी स्थिति उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आती और यह कानून-व्यवस्था का मुद्दा है।

दरअसल, केरल कांग्रेस ने न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक पोस्ट को दोबारा शेयर करते हुए लिखा कि प्रिय सूर्यकांत, अगर कानून और व्यवस्था आपका काम नहीं है तो अभी इस्तीफा दे दें। हम आपकी जगह कोई ऐसा व्यक्ति ढूंढ लेंगे जो इसे संभाल सके।

बीजेपी ने दिया केरल कांग्रेस की पोस्ट का जवाब

वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने केरल कांग्रेस की एक सोशल मीडिया पोस्ट का जवाब देते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी का अगला निशाना न्यायपालिका है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर उस पोस्ट को कोट करते हुए लिखा कि उन्होंने पहले भी यह बात कही थी। रिजीजू ने कहा कि कांग्रेस भारत के सभी संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थानों को खत्म करना चाहती है। उन्होंने आगे लिखा कि सभी भारत-विरोधी समूह आपस में हाथ मिला रहे हैं, जबकि सभी देशभक्त भारतीय भी एकजुट होकर सामने आएंगे।

CJI ने क्या कहा था?

भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने सोमवार को दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों और इसके चलते लगाई गई पाबंदियों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि यह मेरा मुद्दा नहीं है। प्रधान न्यायाधीश विज्ञान भवन में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों में दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हुए हैं। सप्ताहांत में राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। राष्ट्रीय राजधानी में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, 10 अक्टूबर को 45 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए और शहर के सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच की गई।

कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनों और आवाजाही पर पाबंदियों के बारे में पूछे जाने पर प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि यह कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि यह मेरा मुद्दा नहीं है। उच्चतम न्यायालय तक विपक्ष के मार्च के बारे में पूछे जाने पर सीजेआई ने कहा कि मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा।

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सीजेआई को पत्र लिखकर सोमवार शाम चार से पांच बजे के बीच मुलाकात का समय मांगा था। वे 'वोट चोरी' के आरोपों पर ज्ञापन सौंपना चाहते थे। उनकी मांगों में सीईसी ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक और फिर से मतपत्रों के जरिये मतदान कराने की मांग शामिल है। हालांकि, सीजेआई ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया।

मुलाकात से इनकार करने का कारण पूछे जाने पर सीजेआई ने कहा कि उन्होंने पत्र के जवाब में कुछ कारण बताए हैं और स्पष्ट किया है कि वह मुलाकात नहीं कर पाएंगे। उन्होंने पत्र की विषयवस्तु बताने से इनकार करते हुए कहा कि आप पत्र की विषयवस्तु उनसे पूछिए। मैंने इसकी गोपनीयता बनाए रखी है।'

सांसदों और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन जारी रखने के बारे में पूछे जाने पर सीजेआई ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिक हो या किसी निर्वाचित निकाय का सदस्य, हर भारतीय नागरिक को न्यायालय तक पहुंचने का अधिकार है। न्यायालय कानून के अनुरूप मुद्दों पर सुनवाई करेगा और लोगों को उनके अधिकार दिलाएगा।

एक साथ चुनाव कराने के मुद्दे पर संयुक्त संसदीय समिति (JPC) से मुलाकात नहीं करने के बारे में सीजेआई ने कहा कि इसके कई कारण थे। उन्होंने कहा कि मामले के भविष्य में न्यायालय पहुंचने की संभावना को देखते हुए हितों के टकराव से बचना जरूरी था। यह उनका और उनके साथी न्यायाधीशों का विचार था।

गौरतलब है कि एक साथ चुनाव कराने संबंधी जेपीसी के अध्यक्ष पीपी चौधरी ने हाल में कहा था कि समिति के अनुरोध पर उच्चतम न्यायालय ने पहले न्यायाधीशों के साथ अनौपचारिक बातचीत तय की थी, लेकिन बाद में इसे यह कहते हुए रद्द कर दिया कि ऐसा करना उचित नहीं होगा।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News'सूर्यकांत इस्तीफा दो, आपका विकल्प ढूंढ़ लेंगे'; अब CJI के खिलाफ मोर्चा?