ज्ञानेश कुमार पर नहीं हो सकता कोई एक्शन? एक कानून पर सवाल; SC करेगा फैसला
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त और आयुक्तों से जुड़ी एक और याचिका सुप्रीम कोर्ट पहुंची है। इसमें साल 2023 के एक कानून की धारा 16 को असंवैधानिक घोषित करने की मांग की गई है। अब सुप्रीम कोर्ट ने इस संबंध में सरकार से जवाब मांगा है।

भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर को लेकर जारी बवाल के बीच सुप्रीम कोर्ट बड़ी सुनवाई की तैयारी कर रहा है। यह सुनवाई उस कानून को लेकर कर रहा है, जिसमें पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्तों और आयुक्तों को कानूनी मामलों से राहत मिलती है। फिलहाल, अदालत ने इस संबंध में नोटिस जारी किया है और सरकार से जवाब मांगा है। साथ ही चुनाव आयोग से भी जवाब तलब किया गया है।
सुप्रीम 2023 के एक कानून के उस प्रावधान की वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करने के लिए मंगलवार को सहमत हो गया, जो मुख्य निर्वाचन आयुक्त और चुनाव आयुक्तों को उनके आधिकारिक कर्तव्यों को पूरा करने के दौरान किए गए कुछ कार्यों के लिए छूट प्रदान करता है।
किस कानून पर है सवाल
भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने केंद्र और निर्वाचन आयोग को नोटिस जारी कर गैर सरकारी संगठन 'एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स' की याचिका पर उनका जवाब मांगा है। याचिका में मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्त (नियुक्ति, सेवा शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023 की धारा 16 को असंवैधानिक घोषित करने का अनुरोध किया गया है।
कानून में क्या कहा गया
अधिनियम की धारा 16 में कहा गया है कि वर्तमान में लागू किसी भी अन्य कानून में शामिल किसी प्रावधान के बावजूद, कोई भी अदालत किसी ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कोई दीवानी या फौजदारी कार्यवाही शुरू नहीं करेगी या जारी नहीं रखेगी जो सीईसी या निर्वाचन आयुक्त हैं या रह चुके हैं। यह किसी ऐसे कार्य या शब्द के लिए लागू होगा जो उन्होंने अपने सरकारी कर्तव्य के निर्वहन के समय या ऐसा करने को प्रदर्शित करते हुए किया या कहा हो। पीठ ने इस याचिका को इसी तरह के मुद्दे वाली एक अन्य लंबित याचिका के साथ जोड़ दिया है।
पहले भी एक अलग याचिका पर सुनवाई के लिए तैयार
इस साल जनवरी में, उच्चतम न्यायालय 2023 के कानून की धारा 16 के तहत सीईसी और निर्वाचन आयुक्तों को मिली छूट को चुनौती देने वाली एक अलग याचिका पर विचार करने के लिए सहमत हो गया था। न्यायालय ने गैर सरकारी संगठन 'लोक प्रहरी' की याचिका पर केंद्र और निर्वाचन आयोग को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा था। उस समय न्यायालय ने इस प्रावधान पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।
याचिका में दावा किया गया कि यह प्रावधान सीईसी और निर्वाचन आयुक्तों को उनके पद के घोर दुरुपयोग और कदाचार के लिए किसी भी दीवानी या फौजदारी कार्यवाही से जीवन भर के लिए पूरी और स्थायी छूट देकर उन्हें अभूतपूर्व और असीम शक्तियां देता है।
दिल्ली में जारी हैं प्रदर्शन
खास बात है कि राजधानी दिल्ली में प्रदर्शनों का दौर जारी है। एक ओर जहां INDIA अलायंस के बैनर तले कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं। 6 अक्टूबर से ही दिल्ली में कुमार और एसआईआर प्रक्रिया का विरोध चल रहा है। इधर, कॉकरोच जनता पार्टी, आइसा समेत कई संगठन भी चुनाव आयोग के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। मुख्य रूप से ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)


