अनपढ़ चाय बेचने वाला चला रहा फर्जी मेडिकल कॉलेज, भड़का सुप्रीम कोर्ट; UGC को निर्देश

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

उत्तर प्रदेश के एटा में जर्जर फार्महाउस से चल रहे कथित फर्जी मेडिकल कॉलेज के मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त। चाय बेचने वाले को बनाया गया था चेयरमैन। कोर्ट ने क्या निर्देश दिए?

चाय बेचने वाले को बना दिया मेडिकल कॉलेज का चेयरमैन, फर्जी संस्थान पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
चाय बेचने वाले को बना दिया मेडिकल कॉलेज का चेयरमैन, फर्जी संस्थान पर सुप्रीम कोर्ट सख्त (AI जेनरेटेड तस्वीर)

उत्तर प्रदेश के एटा में जर्जर फार्महाउस से चल रहे फर्जी मेडिकल कॉलेज का मामला सामने आया है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) और सभी नियामक संस्थाओं को सार्वजनिक एडवाइजरी जारी करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि लोगों को दाखिला लेने से पहले शैक्षणिक संस्थानों की प्रामाणिकता जांचने के लिए जागरूक किया जाए।

क्या है पूरा मामला?

सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस एनवी अंजारी की पीठ ने उत्तर प्रदेश के एटा जिले के महमूदपुर नगरिया गांव में चल रहे एक कथित फर्जी मेडिकल कॉलेज से जुड़े मामले पर संज्ञान लिया।

एक सितंबर की अखबारी रिपोर्ट के मुताबिक, यह संस्थान एक जर्जर फार्महाउस से संचालित हो रहा था। यहां डी फार्मा, बी फार्मा और बीएससी नर्सिंग जैसे कोर्स कराने का दावा किया जा रहा था।

मामले में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) केएम नटराज ने सुझाव दिया कि UGC लोगों को ऐसे संस्थानों में दाखिला लेने या उनसे किसी तरह का लेनदेन करने से पहले उनकी वास्तविकता जांचने के लिए आगाह करे। सुप्रीम कोर्ट ने इस सुझाव को स्वीकार कर लिया।

अनपढ़ चाय विक्रेता को बनाया था चेयरमैन

बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में बताया कि स्थानीय पुलिस ने संस्थान चलाने के आरोपी सतेंद्र कुमार और तीन अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी। कोर्ट के सामने रखे गए तथ्यों के मुताबिक, भगवान दास सिंह बघेल नाम के एक चाय बेचने वाले को कॉलेज का चेयरमैन दिखाया गया था।

कोर्ट ने बघेल को अनपढ़ चाय विक्रेता बताया। पूछताछ के दौरान उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उन्हें वहां चल रही गतिविधियों की जानकारी नहीं थी। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि सतेंद्र कुमार की ओर से दिए जाने वाले कॉलेज के दस्तावेजों पर वह नियमित रूप से हस्ताक्षर करते थे।

UGC को सार्वजनिक एडवाइजरी जारी करने का निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने 9 अक्टूबर को दिए गए आदेश में UGC और सभी नियामक संस्थाओं को सार्वजनिक एडवाइजरी जारी करने का निर्देश दिया, ताकि लोग दाखिला लेने से पहले संस्थानों की वैधता की जांच कर सकें। कोर्ट ने केंद्र सरकार को यह निगरानी करने के लिए भी कहा कि नियामक संस्थाएं इन निर्देशों का पालन कर रही हैं या नहीं।

पीठ ने माना कि इस मामले में स्वतंत्र जांच जरूरी है, ताकि धोखाधड़ी का खुलासा हो सके। कोर्ट के मुताबिक, ऐसी जांच UGC और दूसरी नियामक संस्थाओं को भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकने के लिए दिशा-निर्देश तैयार करने का आधार भी दे सकती है।

यूपी सरकार ने जांच और ट्रायल में तेजी का भरोसा दिया

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश एएसजी केएम नटराज ने कोर्ट को बताया कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की है और जांच में पर्याप्त प्रगति हुई है। उन्होंने भरोसा दिया कि जांच बिना अनावश्यक देरी के पूरी की जाएगी और मुकदमे की सुनवाई में तेजी लाई जाएगी।

नटराज ने कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और जनहित के खिलाफ ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोर्ट को यह भी बताया गया कि यूपी के मुख्य सचिव ने पुलिस जांच के अतिरिक्त स्वतंत्र जांच के आदेश दिए हैं। पीठ ने मामले में उत्तर प्रदेश सरकार की त्वरित प्रतिक्रिया और कार्रवाई की सराहना की। इस मामले की अगली सुनवाई 19 नवंबर को होगी।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsअनपढ़ चाय बेचने वाला चला रहा मेडिकल कॉलेज, भड़का सुप्रीम कोर्ट; UGC को निर्देश