'संसद का काम हम नहीं कर सकते', SC-ST की आरक्षित सीटों पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा और विधानसभा की SC-ST आरक्षित सीटों पर हर चुनाव में रोटेशन लागू करने की मांग खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि आरक्षित सीटों के नियम बदलना संसद का अधिकार है। जानें करीब 70 साल से आरक्षित कादीपुर सीट का पूरा मामला।

Supreme Court
‘गलत नंबर मिला दिया है…’, SC-ST आरक्षित सीटों पर रोटेशन की मांग करने वाले से CJI ने ऐसा क्यों कहा? (फाइल फोटो)

लोकसभा और विधानसभा की आरक्षित सीटों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। शीर्ष अदालत ने अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से रोटेशन लागू करने की मांग खारिज कर दी। अदालत ने साफ कहा कि आरक्षित सीटों का निर्धारण और उनमें बदलाव करना संसद के अधिकार क्षेत्र का विषय है। न्यायपालिका विधायिका को इस संबंध में कानून बनाने या मौजूदा कानून बदलने का निर्देश नहीं दे सकती।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि इस मामले में हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं है। हालांकि, याचिकाकर्ता को अपनी मांग लेकर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के पास जाने और कानून में बदलाव के लिए सहमति बनाने की सलाह दी गई।

करीब सात दशक से आरक्षित सीट को लेकर उठाया था सवाल

यह मामला उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले की 191-कादीपुर विधानसभा सीट से जुड़ा है। याचिकाकर्ता जगदीश सिंह इसी विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। उनका कहना था कि कादीपुर सीट के गठन के बाद से करीब सात दशक से यह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।

याचिकाकर्ता ने दलील दी कि किसी सीट को लगातार आरक्षित रखने और उसमें रोटेशन की व्यवस्था नहीं होने से संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 19 का उल्लंघन होता है। उनका कहना था कि इससे मतदाताओं को केवल SC उम्मीदवारों में से प्रतिनिधि चुनने के लिए बाध्य होना पड़ता है। साथ ही, आरक्षण का लाभ व्यापक समुदाय के बजाय कुछ परिवारों तक सीमित रह जाता है। उन्होंने मांग की थी कि पंचायतों और नगर निकायों की तरह लोकसभा और विधानसभा की आरक्षित सीटों में भी रोटेशन की व्यवस्था लागू की जाए।

परिसीमन कानून की धारा 9(1)(c) को दी थी चुनौती

याचिकाकर्ता ने परिसीमन अधिनियम, 2002 की धारा 9(1)(c) को चुनौती दी थी। इस प्रावधान के तहत SC और ST के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण उन इलाकों में किया जाता है, जहां इन समुदायों की आबादी का अनुपात तुलनात्मक रूप से अधिक होता है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस प्रावधान को वैध ठहराते हुए आरक्षित सीटों के रोटेशन का निर्देश देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के फैसले में दखल देने से इनकार कर दिया और कहा कि आरक्षण की सीटों में रोटेशन लागू करने का फैसला संसद को करना है।

‘गलत नंबर मिला दिया है’, संसद के पास जाने की सलाह

सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने याचिकाकर्ता से कहा कि उन्होंने गलत नंबर मिला दिया है। आरक्षित सीटों के रोटेशन की मांग संसद के सामने उठाई जानी चाहिए।

सीजेआई ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि यह विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी का अच्छा समय है। उन्होंने सुझाव दिया कि याचिकाकर्ता अपनी मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों के पास जाएं और कानून में बदलाव के लिए समर्थन जुटाएं।

अदालत ने अपने आदेश में भी कहा कि याचिकाकर्ता सार्वजनिक प्रतिनिधियों से संपर्क कर रोटेशन के सिद्धांत को लागू करने के लिए सहमति बनाने का प्रयास कर सकते हैं।

मतदाता जाति नहीं, राजनीतिक विचारधारा के आधार पर भी वोट करते हैं

सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा कि बहुदलीय लोकतंत्र में मतदाताओं से अपेक्षा की जाती है कि वे जाति या धर्म के बजाय राजनीतिक दलों और उनकी विचारधारा के आधार पर मतदान करें। उन्होंने कहा कि किसी निर्वाचन क्षेत्र में SC आबादी अधिक होने के कारण वहां आरक्षित सीट रखने से जातिगत विभाजन पैदा होता है या नहीं, यह विधायिका के विचार करने का विषय है। केवल इस आधार पर कानून को असंवैधानिक नहीं कहा जा सकता।

जस्टिस बागची ने यह भी कहा कि किसी समुदाय का बहुमत होने से यह मान लेना सही नहीं है कि मतदाता केवल अपनी जाति या समुदाय के आधार पर ही वोट करेंगे। लोकतंत्र में मतदाताओं की पसंद का फैसला अदालत नहीं कर सकती।

चुनाव लड़ने का अधिकार और वोट देने का अधिकार अलग

सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान मतदान के संवैधानिक अधिकार और किसी खास निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के दावे के बीच अंतर भी स्पष्ट किया। अदालत ने कहा कि सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के पास गैर-आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ने का विकल्प मौजूद है। इसलिए किसी विशेष आरक्षित सीट से चुनाव लड़ने के अधिकार को मतदान के अधिकार के समान नहीं माना जा सकता।

पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 330 और 332 या परिसीमन अधिनियम में रोटेशन की अनिवार्यता का प्रावधान नहीं है। ऐसे में अदालत कानून में अपनी ओर से रोटेशन की शर्त नहीं जोड़ सकती।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी संसद का अधिकार क्षेत्र माना था

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि संविधान के अनुच्छेद 330 और 332 लोकसभा और विधानसभा में SC-ST के लिए आरक्षित सीटों की संख्या का प्रावधान करते हैं। वहीं, निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान करने की प्रक्रिया संसद के अधिकार क्षेत्र में आती है।

हाईकोर्ट ने माना था कि सामाजिक और राजनीतिक न्याय को आगे बढ़ाने के लिहाज से रोटेशन बेहतर व्यवस्था हो सकती है। इससे कम SC-ST आबादी वाले निर्वाचन क्षेत्रों में भी इन समुदायों के उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने का अवसर मिल सकता है।

हालांकि, अदालत ने स्पष्ट किया था कि इस तरह की नीति लागू करना संसद का काम है। न्यायपालिका कानून में रोटेशन का प्रावधान जोड़ने का आदेश नहीं दे सकती। सुप्रीम कोर्ट ने भी इसी रुख को बरकरार रखा।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News'संसद का काम हम नहीं कर सकते', SC आरक्षित सीटों पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला