'अपनी बातें हमारे मुंह में न डालें, फॉर्म-6 पर कोई फैसला नहीं सुनाया', सुप्रीम कोर्ट ने किया साफ

लाइव हिन्दुस्तान
share

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि चुनाव आयोग ने यह दावा किया था कि नए फॉर्म-6 को सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी मिली हुई है। इस पर पीठ ने स्पष्ट किया कि अदालत ने इस फॉर्म पर कोई फैसला नहीं दिया है।

Supreme Court says it has neither approved nor rejected new Form-6 used electoral roll
सुप्रीम कोर्ट ने फॉर्म-6 पर बड़ी टिप्पणी की है।

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को साफ किया कि उसने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए इस्तेमाल होने वाले नए फॉर्म-6 को न तो मंजूरी दी है और न ही उसे खारिज किया है। अदालत ने कहा कि बिहार में वोटर लिस्ट के SIR से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान नए फॉर्म-6 पर विचार नहीं हुआ था। पीठ ने आगे कहा, 'हमारे मुंह में अपनी तरफ से कोई बात न डालें।' चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही थी। अदालत की यह टिप्पणी उस याचिका पर सुनवाई के दौरान आई, जिसमें चुनाव आयोग की ओर से फॉर्म-6 में किए गए बदलावों को चुनौती दी गई है।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि चुनाव आयोग ने यह दावा किया था कि नए फॉर्म-6 को सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी मिली हुई है। इस पर पीठ ने स्पष्ट किया कि अदालत ने इस फॉर्म पर कोई फैसला नहीं दिया है। जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा कि नए फॉर्म-6 पर कोई न्यायिक फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि जब सुप्रीम कोर्ट में बिहार के SIR मामले की सुनवाई हुई थी, तब नया फॉर्म-6 अदालत के सामने नहीं था। इसका मतलब यह नहीं है कि अदालत ने फॉर्म को मंजूरी दी है या उसे खारिज किया है। इससे पहले 5 अक्टूबर को भी सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि उसने फॉर्म-6 में किए गए किसी बदलाव को मंजूरी नहीं दी है।

चुनाव आयोग ने क्या किया था दावा

दरअसल, चुनाव आयोग ने 26 सितंबर को प्रेस विज्ञप्ति जारी की थी। इसमें संकेत दिया गया कि मई 2026 में बिहार एसआईआर से जुड़े फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने फॉर्म-6 के घोषणा पत्र को सही ठहराया था। इसी दावे को लेकर विवाद उठा। 5 अक्टूबर को SC में सुनवाई के दौरान भी फॉर्म-6 में बदलावों का मुद्दा उठाया गया था। फॉर्म-6 का इस्तेमाल पात्र लोगों की ओर से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन देने में किया जाता है। याचिका में मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त अधिनियम, 2023 की धारा 18 का भी हवाला दिया गया है। इस प्रावधान के तहत चुनाव आयोग में फैसले लेने की प्रक्रिया तय है। इसमें कहा गया है कि सदस्यों के बीच मतभेद होने पर बहुमत की राय के आधार पर फैसला लिया जाएगा।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि नए फॉर्म-6 में पूर्वजों से जुड़ी जानकारी और पिछली एसआईआर प्रक्रिया से संबंध बताने की शर्तें जोड़ी गई हैं। याचिकाकर्ता का दावा है कि ये बदलाव चुनाव आयोग के सॉफ्टवेयर के जरिए लागू किए गए, जबकि इसके लिए चुनाव नियमों में जरूरी कानूनी संशोधन नहीं किया गया। याचिका में फॉर्म-6 में किए गए बदलावों की वैधता पर सवाल उठाए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस याचिका पर सुनवाई SIR से जुड़ी अन्य लंबित याचिकाओं के साथ होगी। इन मामलों की सुनवाई 27 अक्टूबर को होनी है।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia News'अपनी बातें हमारे मुंह में न डालें, फॉर्म-6 पर फैसला नहीं हुआ', SC ने किया साफ