'आपकी सही जगह जेल है'... सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को लगाई तगड़ी फटकार
चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राजपाल यादव को मंगलवार तक हर हाल में भुगतान करने का निर्देश दिया है।

मशहूर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चेक बाउंस और गबन से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अभिनेता और उनके वकील को जबरदस्त फटकार लगाई। वादे के मुताबिक, अदालत की रजिस्ट्री में तय रकम जमा न करने पर जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि अभिनेता को कानून के सम्मान की कोई परवाह नहीं है और इस तरह के अहंकार की सही जगह जेल है।
चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राजपाल यादव को मंगलवार तक हर हाल में भुगतान करने का निर्देश दिया है।
₹50 लाख का ड्राफ्ट दिखाया, कोर्ट बोला- "असली है या फर्जी, किसे पता?"
सोमवार को सुनवाई के दौरान पीठ ने नाराजगी जताई कि 15 सितंबर को दिए गए 2 हफ्ते के समय के बावजूद राजपाल यादव ने सोमवार (5 अक्टूबर) तक 5 करोड़ रुपए की रकम कोर्ट रजिस्ट्री में जमा नहीं कराई।
राजपाल यादव के वकील ने 50 लाख रुपए के डिमांड ड्राफ्ट की फोटोकॉपी दिखाते हुए कहा कि बैंक इसे प्रोसेस कर रहे हैं और छुट्टियों (बैंक बंद रहने) के कारण थोड़ी देरी हुई।
इस पर बेंच ने कहा, "यह ड्राफ्ट असली भी है या नहीं, हम नहीं जानते। 15 सितंबर को आपको समय दिया गया था, आप तय समय से आगे निकल चुके हैं। अगर कोई दिक्कत थी तो समय बढ़ाने की अर्जी क्यों नहीं दाखिल की?"
शिकायतकर्ता (मुरली प्रोजेक्ट्स) के वकील ने कहा, "ये फिल्म एक्टर हैं और यहां कोर्ट में भी एक्टिंग ही कर रहे हैं। इनके मन में अदालत की गरिमा के प्रति कोई सम्मान नहीं है।"
आपको पता होना चाहिए कि कब मुंह खोलना है- जस्टिस बागची
जब राजपाल यादव के वकील ने दलील देते हुए कहा कि शिकायतकर्ता 'गरीब नहीं हैं', तो पीठ का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने वकील को फटकारते हुए कहा, "वे आपसे ज्यादा अमीर हो सकते हैं, लेकिन जितने पैसों की आपने उनके साथ धोखाधड़ी की है, उस हद तक वे गरीब हैं। इस अहंकार को उसकी सही जगह पर लाने की सख्त जरूरत है। आपको पता होना चाहिए कि कब मुंह खोलना है और कब चुप रहना है। आपकी असली जगह जेल में है!"
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह राजपाल यादव की याचिका को तुरंत खारिज कर सकता था, लेकिन शिकायतकर्ता के बकाए पैसों की वसूली और संतुलन बनाए रखने के लिए ही अभिनेता को आखिरी मौका दिया जा रहा है।
क्या है राजपाल यादव से जुड़ा यह पूरा विवाद?
यह पूरा मामला राजपाल यादव और उनकी पत्नी की ओर से अपनी एक फिल्म के निर्माण के लिए 'मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' नाम की कंपनी से ली गई रकम से जुड़ा हुआ है।
फिल्म तय समय पर पूरी न होने पर दोनों पक्षों के बीच समझौते हुए। आरोप है कि राजपाल यादव की ओर से दिए गए सुरक्षा चेक बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए।
मई 2024 में दिल्ली की सत्र अदालत ने राजपाल यादव को दोषी ठहराते हुए 6 महीने की सजा सुनाई थी।
दिल्ली हाईकोर्ट ने समझौता करने के आश्वासन पर उनकी सजा निलंबित की थी, लेकिन बार-बार वादाखिलाफी करने पर फरवरी 2026 में हाईकोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने का आदेश दिया। राजपाल यादव को 5 फरवरी को आत्मसमर्पण करना पड़ा और वे जेल में रहे। बाद में ₹1.5 करोड़ जमा कराने पर उन्हें अंतरिम राहत मिली थी।
बाकी बचे पैसे जमा न करने पर हाईकोर्ट द्वारा 3 महीने की सजा सुनाए जाने के बाद राजपाल यादव ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।
मंगलवार तक मिला अल्टीमेटम
चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि यदि मंगलवार तक राजपाल यादव बकाया भुगतान नहीं करते हैं, तो अदालत उनकी अंतरिम राहत रद्द कर सख्त फैसला सुनाएगी। मामले की अगली सुनवाई मंगलवार को बोर्ड पर 'पहले केस' के तौर पर होगी।

