जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन स्थल से कैसे हटाया? सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को भेजा नोटिस

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने के दिल्ली पुलिस के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। अदालत जांच करेगी कि इस फैसले से पहले उचित विचार किया गया था या नहीं।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन क्यों बंद हुआ? सुप्रीम कोर्ट करेगा दिल्ली पुलिस के फैसले की जांच
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन क्यों बंद हुआ? सुप्रीम कोर्ट करेगा दिल्ली पुलिस के फैसले की जांच (जंतर-मंतर - फाइल फोटो)

सुप्रीम कोर्ट ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में हटाने को लेकर दिल्ली पुलिस के फैसले पर नोटिस जारी किया है। अदालत ने कहा कि वह इस बात की जांच करेगी कि स्थल का इस्तेमाल और उसकी प्रभावशीलता को लेकर संबंधित प्राधिकरण ने सोच-समझकर फैसला लिया था या नहीं।

सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने गुरुवार को यह टिप्पणी की। याचिका में 11 अक्टूबर के उस स्थायी आदेश को चुनौती दी गई है, जिसके तहत जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाकर दिल्ली पुलिस ने तीन वैकल्पिक जगहों को अधिसूचित किया है।

जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल बनाए रखने की मांग

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में बहाल करने की मांग की। उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि स्थल को अधिसूचित सूची से हटाने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश के अनुरूप बताया गया है।

इस पर सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि जंतर-मंतर को सूची से हटाने का आधार सुप्रीम कोर्ट का पिछला फैसला नहीं था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक समिति गठित की गई थी, जिसने अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। फैसले के लिए कारण भी दर्ज किए गए थे। वरिष्ठ अधिवक्ता मुक्ता गुप्ता ने दलील दी कि प्रदर्शन स्थल ऐसा होना चाहिए, जहां प्रदर्शनकारियों की आवाज सुनी जा सके।

तकनीक के नजरिए से भी मामले को समझना जरूरी: सुप्रीम कोर्ट

सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि इस मुद्दे को तकनीक के नजरिए से भी समझने की जरूरत है। जंतर-मंतर को सरकारी प्रतिष्ठानों के नजदीक होने के कारण वहां से नहीं हटाए जाने की दलील का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अदालत इस मामले में सरकार से जवाब मांगेगी। पीठ ने मौखिक रूप से कहा कि वह इस बात की जांच करेगी कि संबंधित प्राधिकरण ने जंतर-मंतर के इस्तेमाल और उसकी प्रभावशीलता को लेकर उचित विचार किया था या नहीं।

दूरदराज के स्थानों पर प्रदर्शन से मौलिक अधिकार प्रभावित होने की दलील

यह याचिका अधिवक्ता स्वाति सिंह ने दायर की है। इसमें दलील दी गई है कि प्रदर्शनों को दूरदराज और बाहरी इलाकों में शिफ्ट करने से शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार प्रभावहीन हो सकते हैं।

याचिका में यह भी कहा गया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनों की योजना हमेशा पहले से नहीं बनाई जा सकती। कई बार सरकार के किसी अचानक लिए गए फैसले के जवाब में प्रदर्शन की जरूरत पैदा होती है। ऐसे में नए स्थलों तक पहुंचने की प्रक्रिया को स्पष्ट किए बिना नहीं छोड़ा जा सकता।

नए प्रदर्शन स्थलों के लिए अलग से जारी होगी एसओपी

याचिका में 11 अक्टूबर के स्थायी आदेश पर सवाल उठाते हुए कहा गया है कि इसके जरिए प्रशासनिक प्रभाव से जंतर-मंतर को तत्काल प्रभाव से प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया, जबकि तीन नए निर्धारित स्थलों के लिए विस्तृत और संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बाद में जारी किए जाने की बात कही गई है।

याचिकाकर्ता का तर्क है कि आदेश में नए स्थलों तक पहुंचने की पूरी व्यवस्था स्पष्ट नहीं की गई है। केवल वैकल्पिक जगहों की पहचान कर देने से प्रदर्शन के अधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती, खासकर तब जब उन स्थानों तक पहुंचने के नियम बाद में तय किए जाने हों।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsजंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल से कैसे हटाया? सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस को भेजा नोटिस