राहुल गांधी से नहीं मिले CJI तो नाराज हो रहे थे संजय राउत, अब SC ने जमकर सुनाया
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं की तरफ से दाखिल याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त से जवाब मांगा है। इसी बीच CJI सूर्यकांत को लेकर की गईं टिप्पणियों पर भी सख्त रुख अपनाया है।

शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत मुश्किल में फंस गए हैं। दरअसल, खबरें हैं कि CJI यानी भारत के मुख्य न्यायाधीश को लेकर की गई टिप्पणियों के चलते सुप्रीम कोर्ट ने राउत से जवाब मांगा है। राज्यसभा सांसद से उनके आचरण को लेकर सवाल किया गया है। खास बात है कि गुरुवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं की याचिका पर अदालत ने चुनाव आयोग से जवाब मांगा था। साथ ही कहा था कि अगली सुनवाई पर एक याचिकाकर्ता के आचरण पर सवाल करेंगे।
खास बात है कि अदालत ने गुरुवार को राहुल गांधी समेत 12 नेताओं की याचिका पर चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जवाब मांगा है। साथ ही इस बात का भी संज्ञान लिया कि 12 अक्टूबर को नेताओं ने मार्च निकालकर अदालत पर दबाव डालने की कोशिश की थी। इस पर सीजेआई सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाला बागची की बेंच सुनवाई कर रही थी।
जताई थी नाराजगी
बेंच ने कहा था, 'न्यायपालिका को कोई डरा-धमकाकर दबाव में नहीं ला सकता।' सीजेआई ने कहा था कि अदालत के बाहर और अंदर जो हो रहा है, उसकी जानकारी है। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा था, 'हम अगली सुनवाई की तारीख पर याचिकाकर्ताओं में से एक से उनके आचरण के बारे में पूछेंगे।' बेंच ने कहा, 'हम कोई अलग-थलग दुनिया में नहीं बैठे हैं। हमें पता है कि वे बाहर क्या बयान दे रहे हैं और अदालत में क्या कह रहे हैं। हमें सबकुछ पता है।'
कोर्ट ने कहा था, 'नोटिस जारी किया जाए। पर इससे पहले एक एतराज है। हम अगली सुनवाई के दिन एक याचिकाकर्ता से उसके व्यवहार पर सवाल करना चाहेंगे। नोटिस देने का यह मतलब नहीं है कि हम कुछ गलत ठहरा रहे हैं। हम नोटिस जारी कर रहे हैं। लेकिन एक याचिकाकर्ता को लेकर हम इस मामले को जरूर सुनेंगे। नोटिस जारी किया जाए। एक याचिकाकर्ता के लिए नोटिस पर अस्थायी तौर पर विचार होगा, बशर्ते वह अपने बर्ताव की वजह बताए।'
ये थे याचिकाकर्ता
सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादवल, टीएमसी सांसद सौगत रॉय, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (पवार) की नेता सुप्रिया सुले, शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के नेता डी राजा, झारखंड मुक्ति मोर्चा सांसद महुआ माजी, सीपीआई (एम) महासचिव एमए बेबी और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग नेता ईटी मोहम्मद बशीर एवं दो अन्य की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर एसआईआर को चुनौती दी थी।
नोटिस भी हुए जारी
खास बात है कि अदालत ने 12 अक्टूबर को विपक्ष के सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए मार्च के संबंध में दाखिल याचिकाओं पर भी सुनवाई की है। पीठ ने एसआईआर में कथित अनियमितताओं के विरोध में शीर्ष अदालत तक 12 अक्टूबर को निकाले गए मार्च के खिलाफ दायर एक याचिका पर गांधी, खरगे, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और कांग्रेस पार्टी को भी नोटिस जारी किए।
दरअसल, हाल ही में इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट सामने आई थी। उस रिपोर्ट में दावा किया गया था कि SIR से संबंधित फैसलों को लेकर कई मौकों पर चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने आपत्ति जताई थी। हालांकि, बाद में आयोग ने कहा था कि मतभेदों को टकराव नहीं माना जाना चाहिए। साथ ही कहा था कि सभी फैसले अधिकारियों की सहमति के साथ ही लिए गए थे।
प्रदर्शन शुरू
एक ओर जहां कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष लगातार प्रदर्शन कर रहा है। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी समेत कई संगठनों ने भी प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसके अलावा नेता जंतर मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाए जाने को लेकर भी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।


