सुपरसोनिक जैसी रफ्तार से डुबकी, जबरदस्त दबाव और फिर भी सलामत, जानें Boeing 737 की खासियत
180 यात्रियों को ले जा रहा फ्लाईदुबई का बोइंग 737 MAX एक मिनट से ज्यादा समय तक तेज रफ्तार से नीचे गिरता रहा। इस दौरान विमान अपनी अधिकतम गति से भी आगे निकल गया और उस पर इतना दबाव पड़ा कि रडर फट गया। इतनी खतरनाक डुबकी के बावजूद विमान सुरक्षित लैंड कर गया।

फ्लाईदुबई का बोइंग 737 MAX विमान करीब 180 यात्रियों के साथ उड़ान भर रहा था, तभी वह एक मिनट से ज्यादा समय तक बहुत तेज रफ्तार से नीचे गिरने लगा। इस गोता में विमान की अधिकतम गति और सुरक्षा सीमा दोनों टूट गईं। रडर फट गया, लेकिन विमान टूटा नहीं और सुरक्षित लैंड कर गया। पायलट और एक्सपर्ट इसे चमत्कार बता रहे हैं और बोइंग 737 MAX की मजबूत बनावट को इसका बड़ा कारण मान रहे हैं।
दरअसल, इस घटना के बाद दुनिया भर के पायलटों ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर टिप्पणी की। कई मिलिट्री पायलटों ने भी कहा कि विमान का बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है। इन पायलटों ने फ्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइटों पर उपलब्ध सार्वजनिक आंकड़ों के आधार पर अपनी राय दी। अमेरिकी लेखक और पायलट बज पैटरसन ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें एक सक्रिय ड्यूटी पर तैनात मिलिट्री पायलट का बयान था, जो मजबूत C-17 ट्रांसपोर्ट विमान उड़ाता है। पायलट ने कहा कि फ्लाईदुबई का विमान कमर्शियल विमानों के लिए तय सीमा और सुरक्षा मार्जिन से काफी आगे निकल गया था। फिर भी वह बच गया।
तेज गोता लगाने के बाद रडर टूट गया
सुरक्षित लैंडिंग के बाद तस्वीरों में दिखा कि विमान के वर्टिकल स्टेबलाइजर से जुड़ा रडर फट गया था। वर्टिकल स्टेबलाइजर विमान को दाएं-बाएं झुकने से रोकता है और उसे सीधा रखने में मदद करता है। रडर इसी हिस्से का हिस्सा होता है और जरूरत पड़ने पर विमान की दिशा नियंत्रित करता है। रडर का यह नुकसान बताता है कि घटना के दौरान विमान पर कितना दबाव पड़ा था। बता दें फ्लाईदुबई फ्लाइट के ओमानी को-पायलट ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया था। घटना के दौरान कैप्टन मच्छार के काम की काफी तारीफ हुई है।
पैटरसन ने एक अमेरिकी पायलट के हवाले से बताया कि विमान अपनी अधिकतम ऑपरेटिंग स्पीड से 100 नॉट ज्यादा तेज हो गया था। पायलट ने लिखा कि यह मेरा पुराना जेट है। इस विमान ने अधिकतम स्पीड से 100 नॉट ज्यादा उड़ान भरी। यह बहुत ज्यादा है। इसी वजह से रडर फट गया। विमान को संभालना, स्थिर करना और दूसरी जगह मोड़ना सच में चमत्कार जैसा है। उन्होंने जहाज पर मौजूद अतिरिक्त क्रू सदस्यों को भी श्रेय दिया और कहा कि अगर डेडहेड क्रू न होता, तो नतीजा बहुत अलग हो सकता था।
737 MAX का पुराना रिकॉर्ड क्यों है महत्वपूर्ण?
फ्लाईदुबई विमान का बच जाना इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि बोइंग 737 MAX पहले दो दुर्घटनाओं के बाद जांच के घेरे में आ चुका है। उन हादसों में विमान अचानक और बिना कमांड के नीचे की तरफ झुक गया था। इसकी वजह MCAS सिस्टम था। यह बोइंग का फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम है, जो स्टॉल से बचाने के लिए विमान की नाक को अपने आप नीचे धकेलता है। उन दो हादसों के बाद 737 MAX को दुनिया भर में उड़ानों से रोक दिया गया था और बोइंग की साख को नुकसान पहुंचा था। पुरानी घटनाओं में विमान नियंत्रण से बाहर होकर टूट गए थे। इस बार फ्लाईदुबई का विमान बहुत नीचे गिरने के बावजूद सुरक्षित रहा।
यह 737 MAX की मजबूती का सबूत है
C-17 पायलट ने फ्लाईदुबई विमान के बचने को 737 MAX और आधुनिक एयरफ्रेम की ताकत का सबूत बताया। पैटरसन की पोस्ट में पायलट ने कहा कि यह सच में 737 MAX और आधुनिक कार्बन कंपोजिट एयरफ्रेम की मजबूती दिखाता है। पायलट ने बताया कि विमान करीब 30000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिरा। उन्होंने इसकी तुलना अपने C-17 से की। उन्होंने कहा कि मैं C-17 उड़ाता हूं। जब हम हवा में थ्रस्ट रिवर्सर लगाते हैं, तब भी हमारी सीमा 20000 फीट प्रति मिनट तक होती है। उन्होंने एयरफ्रेम की ताकत को अविश्वसनीय बताया और विमान को गोता से बाहर निकालने वाले पायलट की स्किल की भी तारीफ की। पायलट ने कहा कि यह विमान जरूरत से कई गुना ज्यादा मजबूत, टेस्टेड और सर्टिफाइड है। इसमें खास एल्युमीनियम अलॉय और एडवांस कंपोजिट का इस्तेमाल होता है।
C-17 से तुलना क्यों की गई?
C-17 ग्लोबमास्टर अमेरिकी मिलिट्री का मजबूत ट्रांसपोर्ट विमान है। इसे मुश्किल ऑपरेशन के लिए बनाया गया है। यह छोटे रनवे पर भी उतर सकता है और भारी सामान ले जा सकता है। मिलिट्री पायलट की तुलना का मकसद यह दिखाना था कि फ्लाईदुबई के बोइंग 737 MAX को स्थिर होने और मुड़ने से पहले कितना ज्यादा दबाव झेलना पड़ा। रडर के नुकसान और फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा में दिखी तेज गिरावट के बावजूद विमान नहीं टूटा और सुरक्षित लैंड कर गया।

