अजित पवार के प्लेन क्रैश की हो CBI जांच, डिप्टी CM सुनेत्रा पवार की मांग
मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात के समय NCP के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे भी सुनेत्रा पवार के साथ थे। दोनों नेताओं ने इस संबंध में जोर देते हुए कहा कि इस घटना के पीछे की सच्चाई सामने आना जरूरी है।

महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने अपने दिवंगत पति और राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री अजित पवार के प्लेन क्रैश हादसे की CBI से जांच कराने की मांग की है। मंगलवार को सुनेत्रा पवार समेत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के कई वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और उनसे अजित पवार के प्लेन क्रैश की CBI से जांच कराने की मांग की। 28 जनवरी को बारामती में हुए इस विमान हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात के समय NCP के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे भी सुनेत्रा पवार के साथ थे। दोनों नेताओं ने इस संबंध में जोर देते हुए कहा कि इस घटना के पीछे की सच्चाई सामने आना जरूरी है। मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए तटकरे ने स्पष्ट किया कि पार्टी और परिवार इस मामले में पारदर्शिता चाहते हैं। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार से अपील की है कि इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच को तुरंत मंजूरी दी जाए।
भतीजे रोहित पवार भी जता चुके हैं शक
बता दें कि अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने भी पहले कई बार इस विमान हादसे पर सवाल उठाए हैं। अब, अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने भी CBI जांच की मांग कर दी है। शिवसेना नेता संजय राउत समेत कई विपक्षी नेता भी इस हादसे पर सवाल उठा चुके हैं। फिलहाल, सुनेत्रा की इस मांग से राज्य के राजनीतिक गलियारों में गहमागहमी और सियासी अटकलें तेज हो गई हैं।
NCP की राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनी गईं सुनेत्रा पवार
दूसरी तरफ, सुनेत्रा पवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। हालांकि, उनकी नियुक्ति पर औपचारिक मुहर 26 फरवरी को होने वाली पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लगायी जाएगी। सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को विधायक दल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस बैठक के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए उनके नाम का प्रस्ताव रखा। वहां मौजूद सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर इस प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन किया।
बैठक के दौरान कुछ विधायकों ने दोनों NCP के बीच संभावित विलय का मुद्दा भी उठाया। हालांकि वरिष्ठ नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह पवार परिवार का आंतरिक मामला है और इस बैठक में इस पर चर्चा नहीं की जाएगी। इस स्पष्टीकरण के साथ ही फिलहाल के लिए इस विषय पर विराम लगा दिया गया है।

लेखक के बारे में
Pramod Praveenप्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।
अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।




