'अलकायदा की मदद से बंगाल CM शुभेंदु अधिकारी पर होगा आत्मघाती हमला', हसनैन इकबाल गिरफ्तार
ईमेल भेजने वाले हसनैन इकबाल ने दावा किया कि अल कायदा की मदद से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर आत्मघाती हमला किया जाएगा। महिला की पहचान का इस्तेमाल कर यह ईमेल भेजा गया।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर आतंकवादी संगठन अल-कायदा की मदद से आत्मघाती बम हमला करने की धमकी देने के आरोप में कोलकाता के गार्डन रीच इलाके से एक व्यक्ति हसनैन इकबाल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कोलकाता पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ और विशेष कार्यबल (एसटीएफ) द्वारा की गई संयुक्त जांच के बाद शुक्रवार रात को 27 वर्षीय हसनैन इकबाल को गिरफ्तार कर लिया गया। कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त सीपी-4 सोलोमन नेसाकुमार ने कहा कि 14 मई को 10:15 बजे भवानीपुर थाने को ईमेल के जरिये यह धमकी मिली।
ईमेल भेजने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि अल कायदा की मदद से मुख्यमंत्री पर आत्मघाती हमला किया जाएगा। नेसाकुमार ने पत्रकारों से कहा, "महिला की पहचान का इस्तेमाल कर यह ईमेल भेजा गया। शिकायत मिलने के बाद साइबर विंग और एसटीएफ ने तुरंत जांच शुरू की।"
जांच के दौरान जांचकर्ताओं को पता चला कि ईमेल गार्डन रीच के गुलाम अब्बास लेन में रहने वाले हसनैन इकबाल ने भेजा। पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने ईमेल भेजने की बात स्वीकार की। नेसाकुमार ने कहा, “प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला कि जिस महिला के नाम से ईमेल भेजा गया वह आरोपी की परिचित है। हमें लगता है कि महिला को परेशान करने और उसके परिवार को फंसाने के लिए ऐसा किया गया।”
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ताओं को यह भी पता चला है कि आरोपी ने इससे पहले कथित तौर पर चुनाव आयोग सहित कई सरकारी संस्थानों को ईमेल भेजे थे।
वहीं, शुभेंदु सरकार ने शनिवार को पुलिस कल्याण बोर्ड को भंग कर दिया और महिला पुलिसकर्मियों को उनके गृह जिलों में तैनात करने का निर्णय भी किया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस कल्याण बोर्ड को भंग करने के संबंध में कहा कि यह संस्था एक राजनीतिक दल के मुखौटे वाली संस्था में बदल गई थी और इसका इस्तेमाल कुछ व्यक्तियों को सेवा का अवैध विस्तार देने के लिए किया जा रहा था। दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में प्रशासनिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमले किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और कानून-व्यवस्था सख्ती से लागू की जाएगी।
लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी वरिष्ठ पत्रकार हैं और मीडिया में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है।
परिचय, अनुभव एवं शिक्षा
वर्तमान में मदन हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। कुल एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं।
मीडिया में अवॉर्ड्स.
मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत एक दर्जन से ज्यादा पुरस्कार जीते हैं।
विशेषज्ञता
देश-विदेश की राजनीति पर गहरी पकड़
यूपी-बिहार समेत सभी राज्यों की खबरों को कवर करने का व्यापक अनुभव
विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव, संसद की कार्यवाही को लंबे समय से कवर किया
ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज, एनालिसिस स्टोरीज, एशिया, मिडिल ईस्ट, पश्चिमी देशों की खबरों को कवर करने का एक दशक से ज्यादा का एक्सपीरियंस


